आज की ताजा खबर

शाहजहांपुर में मंदिर परिसर में दो साधुओं की हत्या, शव जलाने से मचा हड़कंप; आरोपी हिरासत में

top-news

खुदागंज के सूथा गांव में मंदिर परिसर में मिले अधजले शव, पुलिस ने नामजद आरोपी से शुरू की पूछताछ

मंदिर पर कब्जे को लेकर विवाद की बात सामने आई, एडीजी-डीआईजी ने मौके पर पहुंचकर संभाली कमान

आरिफ सिद्दीकी,फरीद अंसारी

मीरानपुर कटरा/खुदागंज, शाहजहांपुर। शाहजहांपुर के खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव में गांव के बाहर स्थित भोले बाबा मंदिर (देवीस्थान) परिसर में दो साधुओं की हत्या का मामला सामने आया है। दोनों साधुओं के शव मंदिर परिसर में अधजली अवस्था में मिले। घटना की जानकारी होते ही इलाके में सनसनी फैल गई। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

मृतकों की पहचान बाबा गोपाल दास (70) और उनके चेले रामानंद गिरि, निवासी अजीजगंज, शाहजहांपुर तथा बाबा बिहारी दास (करीब 60 वर्ष), निवासी सूथा के रूप में बताई गई है। पुलिस ने मंदिर संरक्षक की तहरीर के आधार पर गांव के ही सुमित सिंह पुत्र विष्णु सिंह को नामजद किया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


सुबह मंदिर पहुंचे संरक्षक तो मिले दोनों साधुओं के शव

घटना का खुलासा गुरुवार सुबह हुआ। मंदिर के संरक्षक शिवकुमार सिंह पुत्र अनंगपाल सिंह रोज की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। वहां दोनों साधुओं के अधजले शव देखकर उनके होश उड़ गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।

बताया गया कि आग में एक शव पूरी तरह जल गया, जबकि दूसरा अधजली अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारण और अन्य परिस्थितियों को स्पष्ट करने की कार्रवाई की जा रही है।

मंदिर खाली करने को लेकर विवाद की बात सामने आई

पुलिस की प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों से पूछताछ में मंदिर परिसर को लेकर विवाद की बात सामने आई है। ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी सुमित सिंह पिछले कुछ दिनों से दोनों साधुओं के साथ मंदिर में उठ-बैठ रहा था। आरोप है कि उसने दोनों साधुओं को मंदिर छोड़कर चले जाने की धमकी भी दी थी।

बताया जा रहा है कि आरोपी मंदिर परिसर पर अपना अधिकार जमाकर वहां रहना चाहता था। इसी विवाद के बाद दोनों साधुओं की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और वारदात की पूरी परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी हाल ही में एक मामले में अदालत से जमानत पर बाहर आया था। पुलिस उससे पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।


एसपी से लेकर एडीजी-डीआईजी तक मौके पर पहुंचे

दो साधुओं की हत्या की सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सौरभ दीक्षित पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच टीम को आवश्यक निर्देश दिए।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा और उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी भी भारी पुलिस बल के साथ सूथा गांव पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने मृतक साधुओं के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। एडीजी रमित शर्मा ने परिजनों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

गांव में पुलिस बल तैनात, आरोपी से पूछताछ जारी

घटना के बाद सूथा गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपी सुमित सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

एसपी सौरभ दीक्षित के अनुसार, मंदिर संरक्षक की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे

https://youtu.be/LKZHqUF12xE

LIKE,SHARE,SUBSCRIBE AND FOLLOW US

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *