आज की ताजा खबर

चित्रकूट में 40 साल पुरानी रामलीला में राम-सीता स्वयंवर का मंचन, एसपी ने कहा- रामचरितमानस के संदेश से बढ़ेगा सद्भाव

top-news

तरौंहा की रामलीला में शिव धनुष भंग और परशुराम-लक्ष्मण संवाद ने बांधा समां, उमड़ी दर्शकों की भीड़

एसपी अरुण कुमार सिंह ने राम-लक्ष्मण की आरती कर किया शुभारंभ, आयोजकों ने अतिथियों को किया सम्मानित

रमेश द्विवेदी 

चित्रकूट। मुख्यालय के तरौंहा में पिछले 40 वर्षों से आयोजित हो रही रामलीला में बृहस्पतिवार रात श्रीराम-सीता स्वयंवर और परशुराम-लक्ष्मण संवाद की लीला का मंचन किया गया। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने भगवान राम और लक्ष्मण की आरती कर किया।


एसपी बोले- राम के चरित्र से प्रेरणा लेकर स्थापित हो सकता है रामराज्य

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने कहा कि भगवान राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के चरित्र से यदि समाज अंश मात्र भी प्रेरणा ले तो रामराज्य की स्थापना की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में सद्भाव और खुशहाली बनाए रखने में महिलाओं की भूमिका भी अहम है।

एसपी ने माता सीता के त्याग और आदर्शों से सीख लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में घर और समाज में बढ़ती कटुता नैतिक पतन का कारण बन रही है। रामचरितमानस हमें आपसी सद्भाव और नैतिक मूल्यों का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से रामलीला के मंचन से मिलने वाले सामाजिक संदेश को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।

शिव धनुष भंग और परशुराम-लक्ष्मण संवाद ने जीता दर्शकों का दिल

रामलीला के मंचन में भगवान राम ने शिव धनुष तोड़कर माता सीता का वरण किया। इसके बाद परशुराम और लक्ष्मण के बीच हुए संवाद का मंचन किया गया। संवाद के दौरान दर्शक काफी उत्साहित नजर आए और पूरे आयोजन में माहौल भक्तिमय बना रहा।

आयोजकों ने एसपी समेत अतिथियों को किया सम्मानित

रामलीला के आयोजक प्रशांत करवरिया उर्फ प्रिंस ने पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह और महंत दिव्य जीवनदास को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं अन्य अतिथियों को रामनामी पट्टा पहनाकर सम्मान दिया गया।

कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्र, पूर्व विधायक दिनेश मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष हीरो मिश्रा, जगदीश गौतम, चंद्रप्रकाश खरे, कोतवाल अभय राज सिंह, करुणा शंकर द्विवेदी, राजा बाबू पांडे, संतोष बंसल, रमेश द्विवेदी और सुधीर अग्रवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *