आज की ताजा खबर

नशेड़ी भतीजे ने भारी-भरकम वस्तु से सिर कुचलकर चाचा को उतारा मौत के घाट

top-news

जिस चाचा से मांगता था खर्च के पैसे, उसी के खून से रंग गई हथौड़ा बुजुर्ग की गली!

हथौड़ा बुजुर्ग गांव में सनसनीखेज वारदात, खून से लथपथ गली में मिला 73 वर्षीय वृद्ध का शव—आरोपी फरार

आरिफ सिद्दीकी अरविंद सक्सेना

रौजा-शाहजहांपुर।थाना रौजा क्षेत्र के ग्राम हथौड़ा बुजुर्ग में शुक्रवार की शाम सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। आरोप है कि नशे की लत के शिकार एक भतीजे ने अपने 73 वर्षीय चाचा के सिर पर भारी-भरकम वस्तु से वार कर उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

हथौड़ा बुजुर्ग निवासी रामसनेही पुत्र प्यारे लाल (73) का शव घर के बाहर गली में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर तथा थाना प्रभारी रौजा उमेश कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।


पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र करने का प्रयास किया।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी अरविंद पुत्र प्रभु नशे का आदी बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक चाचा ही आरोपी को खर्च के लिए पैसे दिया करते थे। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

बताया गया कि वारदात के समय गली और आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते घटना के प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आए हैं। घटना के बाद आरोपी के फरार होने से गांव में दहशत का माहौल है।

अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार ने बताया कि परिवार की ओर से तहरीर प्राप्त होते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

 सुरक्षा की दृष्टि से गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *