आज की ताजा खबर

गरीब गर्भवती महिलाओं के लिए बनीं सहारा, डॉ. जिज्ञासा ने नि:शुल्क कराया अल्ट्रासाउंड

top-news

जोगराज अस्पताल में लगा जांच शिविर, दो दर्जन महिलाओं को मिला लाभ; जांच के साथ दी चिकित्सकीय सलाह

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद l आर्थिक तंगी के कारण गर्भावस्था के दौरान जरूरी जांच से वंचित रहने वाली महिलाओं के लिए जोगराज अस्पताल में शनिवार को नि:शुल्क अल्ट्रासाउंड एवं जांच शिविर लगाया गया। सोनोलॉजिस्ट डॉ. जिज्ञासा सिंह की पहल पर आवास विकास स्थित अस्पताल में आयोजित शिविर में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचीं करीब दो दर्जन जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क अल्ट्रासाउंड जांच की गई। जांच के बाद महिलाओं को रिपोर्ट उपलब्ध कराने के साथ आगे की चिकित्सकीय सलाह भी दी गई।

 शिविर में पहुंची महिलाओं और उनके स्वजन ने जांच के साथ चिकित्सक के व्यवहार की भी सराहना की। ग्रामीण क्षेत्र से आए एक महिला के पति ने बताया कि अल्ट्रासाउंड के दौरान डॉ. जिज्ञासा सिंह ने उन्हें भी अंदर बुलाकर मशीन पर गर्भस्थ शिशु को दिखाया और जांच से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में जिस तरह अपनापन और सम्मान मिला, उससे ऐसा महसूस हुआ जैसे किसी अपने के बीच आए हों।

 खड़कपुर क्षेत्र से पहुंची एक महिला ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह गर्भावस्था की आवश्यक जांच कराने को लेकर चिंतित थी। शिविर में बिना किसी शुल्क के अल्ट्रासाउंड और जांच होने से उसे काफी राहत मिली। उसने कहा कि जरूरत के समय नि:शुल्क जांच की सुविधा मिलना गरीब परिवारों के लिए बड़ी मदद है।


 समय पर जांच से मां और बच्चे की सेहत पर निगरानी

डॉ. जिज्ञासा सिंह ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर कई महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान आवश्यक जांच समय पर नहीं मिल पाती। अल्ट्रासाउंड से गर्भस्थ शिशु की स्थिति समेत गर्भावस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां समय रहते सामने आ सकती हैं। इससे चिकित्सकों को मां और बच्चे के स्वास्थ्य की बेहतर निगरानी करने में मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि जरूरतमंद महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न होना पड़े, इसके लिए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने हर महीने कम से कम एक बार नि:शुल्क शिविर लगाने की बात कही।

डॉ. जिज्ञासा सिंह के पति डॉ. युवराज सिंह द्वारा पूर्व में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा शिविर लगाए जाने का भी उल्लेख किया गया। इसी सेवाभाव को आगे बढ़ाते हुए गर्भवती महिलाओं के लिए आयोजित इस शिविर से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिली।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *