आज की ताजा खबर

दरोगा बनकर बिजली चोरी के आरोपी से मांगे 15 हजार, दो साइबर ठग गिरफ्तार

top-news

मुकदमा न दर्ज करने का झांसा देकर भेजा क्यूआर कोड, साइबर पुलिस ने ककोर बंबा से दबोचा

रोहित अवस्थी

औरैया। बिजली चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज न करने के एवज में 15 हजार रुपये मांगने और पुलिस अधिकारी की पहचान का दुरुपयोग कर साइबर ठगी का प्रयास करने वाले दो आरोपियों को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 20 अगस्त को अवर अभियंता होरीलाल के नेतृत्व में विद्युत विभाग और प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम ने ग्राम निगड़ा, थाना कोतवाली औरैया में बिजली चोरी की जांच की थी। जांच के दौरान ओमकांत पुत्र श्यामबाबू चतुर्वेदी को बिजली चोरी करते पकड़ा गया। इसके बाद 21 अगस्त को थाना विद्युत चोरी निरोधक जनपद औरैया में उसके खिलाफ धारा 135 भारतीय विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।


मुकदमा दर्ज होने के अगले दिन 22 अगस्त को ओमकांत के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। फोन करने वाले की पहचान मोबाइल में दरोगा कृष्णकांत प्रजापति के नाम से प्रदर्शित हो रही थी। उसने ओमकांत से मुकदमा न दर्ज करने के एवज में 15 हजार रुपये की मांग की। रकम भेजने के लिए उसके व्हाट्सएप पर क्यूआर कोड भी भेजा गया। संदेह होने पर ओमकांत ने इसकी जानकारी अवर अभियंता होरीलाल को दी।

अवर अभियंता की तहरीर पर साइबर थाने में मु0अ0सं0 26/2026, धारा 319(2), 318(4) बीएनएस और 66(डी) आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ककोर बंबा के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक अन्य साथी विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों, जैसे यूपी कॉप आदि से मुकदमों से जुड़े लोगों के नाम, पते और मोबाइल नंबर जुटाकर उन्हें उपलब्ध कराता था। इसके बाद आरोपी कृष्णकांत यादव और मोहित यादव खुद को पुलिस अधिकारी बताकर संबंधित लोगों को फोन करते और मुकदमे का निपटारा कराने के नाम पर रुपये मांगते थे। रकम क्यूआर कोड के माध्यम से अलग-अलग बैंक खातों में मंगाई जाती थी। सिम और बैंक खाते भी अन्य लोगों को रुपये का लालच देकर हासिल किए जाते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णकांत यादव पुत्र रामस्वरूप यादव, निवासी ज्योरामोरा, थाना पृथ्वीपुर, जनपद निवाड़ी, मध्य प्रदेश और मोहित यादव पुत्र ग्यादीन यादव, निवासी ग्राम गोवा पश्चिम, थाना पृथ्वीपुर, जनपद निवाड़ी, मध्य प्रदेश, दोनों की उम्र करीब 24 वर्ष है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार और उपनिरीक्षक हेमंत चौधरी शामिल रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *