आज की ताजा खबर

श्रावस्ती में ओवैसी की एंट्री से गरमाई सियासत, दद्दन खां को एआईएमआईएम ने भिनगा से उतारा

top-news

हेमन्त कुमार श्रीवास्तव/ ओम मिश्रा

श्रावस्ती। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी के श्रावस्ती पहुंचने से जिले की सियासत गरमा गई। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ओवैसी का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान एआईएमआईएम ने भिनगा विधानसभा क्षेत्र से हाजी दद्दन खां को अपना प्रत्याशी घोषित किया। दद्दन खां हाल ही में बहुजन समाज पार्टी से अलग होकर एआईएमआईएम में शामिल हुए हैं। उनके एआईएमआईएम में शामिल होने के बाद से ही स्थानीय राजनीति में चर्चाएं तेज थीं।

सभा को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कुंवारों के हाथ में है। ओवैसी ने तंज कसते हुए कहा कि जब कमरा भी कुंवारों को नहीं दिया जाता तो प्रदेश कैसे दे दिया जाए।ओवैसी ने श्रावस्ती में मदरसों और मस्जिदों पर बुलडोजर कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सवाल किया कि जब ऐसी कार्रवाई हो रही थी, तब समाजवादी पार्टी कहां थी। उन्होंने सपा पर हमला बोलते हुए उसे 'चाइना का माल' बताया और कहा कि ऐसा माल ज्यादा दिन नहीं चलता।


अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना

ओवैसी ने कहा कि उन्होंने इंडिया गठबंधन में शामिल होने के लिए हाथ बढ़ाया था, लेकिन अखिलेश यादव की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि उनका हाथ अखिलेश यादव के 'गिरेबान' तक भी जा सकता है। हालांकि ओवैसी ने यह भी कहा कि अगर भाजपा को रोकने के लिए आज भी इंडिया गठबंधन के साथ हाथ मिलाना पड़ा तो वह इसके लिए तैयार हैं।

भिनगा में एआईएमआईएम की सक्रियता बढ़ी

भिनगा विधानसभा क्षेत्र संख्या 289 है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में यहां समाजवादी पार्टी की इंद्राणी देवी विजयी हुई थीं। आधिकारिक चुनावी आंकड़ों के अनुसार सपा प्रत्याशी को 1,03,661 वोट मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 90,087 वोट मिले। एआईएमआईएम प्रत्याशी आसिया को 4,073 वोट मिले थे।

दद्दन खां को एआईएमआईएम का प्रत्याशी घोषित किए जाने और असदुद्दीन ओवैसी के श्रावस्ती दौरे के बाद भिनगा की सियासत में नए राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए एआईएमआईएम की सक्रियता स्थानीय राजनीतिक दलों के लिए नई चुनौती के रूप में देखी जा रही है।


पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *