आज की ताजा खबर

मंडी में खुले में पड़ा किसानों का धान बारिश में भीगा

top-news

क्रय केंद्र शुरू न होने से बढ़ी किसानों की परेशानी, जेसीबी से धान सुखाने में जुटे किसान; जिले में 134 केंद्र प्रस्तावित

शोएब खान

पूरनपुर-पीलीभीत। धान की आवक शुरू होने के साथ मंडी समिति में किसानों की आवाजाही बढ़ गई है, लेकिन सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू न होने से किसानों की मुश्किलें भी बढ़ती जा रही हैं। मंडी में खुले आसमान के नीचे रखा किसानों का धान बुधवार रात हुई बारिश में भीग गया। गुरुवार को किसान भीगे धान को बचाने और सुखाने की जद्दोजहद में जुटे रहे। कुछ किसानों ने जेसीबी मशीन की मदद से धान को फैलाकर सुखाने का प्रयास किया।

बारिश के अलर्ट के बीच खुले में रखे धान को लेकर किसानों की चिंता और बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि बारिश से धान की गुणवत्ता प्रभावित होने पर उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। मंडी में कई स्थानों पर किसानों की उपज खुले में पड़ी हुई है और खरीद शुरू नहीं होने के कारण उन्हें धान सुरक्षित रखने में परेशानी हो रही है। 

कम दाम में धान बेचने को मजबूर किसान

अन्नदाता किसान यूनियन के प्रदेश सचिव बलजिंदर सिंह ने बताया कि सामान्य तौर पर सरकारी धान खरीद एक अक्टूबर से शुरू होती रही है, लेकिन इस बार खरीद की तारीख को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने दावा किया कि करीब 30 प्रतिशत किसान कटाई के बाद मजबूरी में अपना धान कम दाम पर बेच चुके हैं। वहीं, बड़ी संख्या में किसान धान लेकर मंडी पहुंच रहे हैं और खरीद शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने जल्द सरकारी क्रय केंद्र शुरू कराने और मंडी में खुले में पड़े धान को सुरक्षित रखने की व्यवस्था कराने की मांग की है।

जिले में 134 क्रय केंद्र प्रस्तावित

जिले में धान खरीद के लिए 134 क्रय केंद्र निर्धारित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। किसानों का पंजीकरण भी शुरू हो चुका है। हालांकि सरकारी खरीद किस तारीख से शुरू होगी, इसको लेकर अभी शासन के निर्देश का इंतजार है। एडीएम प्रसून द्विवेदी ने बताया कि जिले में धान खरीद को लेकर केंद्र निर्धारण समेत अन्य प्रक्रिया पूरी की जा रही है। किसानों का पंजीकरण शुरू हो चुका है। खरीद की तारीख के संबंध में शासन के निर्देश की प्रतीक्षा है।

बारिश के बाद मंडी में भीगे धान को सुखाने में जुटे किसानों की तस्वीर ने खरीद व्यवस्था शुरू होने से पहले ही उपज के रखरखाव की चुनौती सामने ला दी है। किसानों की मांग है कि खरीद प्रक्रिया जल्द शुरू कर मंडी में खुले में रखी उपज को सुरक्षित रखने की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *