आज की ताजा खबर

खेत में फसल की रखवाली करने गए युवक की करंट से मौत, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम

top-news

अयाना के सेंगनपुर गांव में झटका मशीन की चपेट में आया युवक, सुबह खेत में पड़ा मिला शव

रोहित अवस्थी 

औरैया। अयाना थाना क्षेत्र के सेंगनपुर गांव में खेत पर फसल की रखवाली करने गए 30 वर्षीय युवक की झटका मशीन के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। शुक्रवार सुबह युवक का शव खेत में पड़ा मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे की मौत से पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 सेंगनपुर गांव निवासी राजू दुबे का पुत्र लल्लू रोजाना की तरह गुरुवार रात फसल की रखवाली करने खेत पर गया था। शुक्रवार सुबह काफी देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में खेत पर पहुंचे। वहां लल्लू का शव पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि खेत में लगी झटका मशीन के करंट की चपेट में आने से उसकी जान चली गई।

युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। लल्लू अपने पिता का इकलौता बेटा था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *