आज की ताजा खबर

जैनापुर के पास मौत बनकर दौड़ा टैंकर! पिकअप से आमने-सामने भिड़ंत, मां-बेटी की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

top-news

शाहजहांपुर से पत्नी और चार वर्षीय बेटी को लेकर फर्रुखाबाद लौट रहा था विमलेश, तीन अन्य घायल; बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हादसे की आशंका,

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद l इटावा-बरेली हाईवे पर शनिवार को जैनापुर के पास रफ्तार का कहर एक परिवार पर कहर बनकर टूट पड़ा। टैंकर और पिकअप की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में महिला पूजा और उसकी चार वर्षीय बेटी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसे में पत्नी और मासूम बेटी को खोने से विमलेश के परिवार में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन और घायलों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। सूचना मिलते ही राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

 

जानकारी के अनुसार, पांचाल घाट निवासी विमलेश अपनी पत्नी पूजा और चार वर्षीय बेटी के साथ शाहजहांपुर स्थित अपनी ससुराल से फर्रुखाबाद लौट रहा था। इसी दौरान इटावा-बरेली हाईवे पर थाना राजेपुर क्षेत्र के जैनापुर के पास पिकअप और टैंकर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के सवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने पूजा और उसकी चार वर्षीय बेटी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल लोहिया रेफर किया गया, जबकि एक अन्य घायल का सीएचसी में उपचार किए जाने की जानकारी सामने आई। घायलों की संख्या और उपचार संबंधी विवरण में आधिकारिक पुष्टि अपेक्षित है।

बाइक सवार को बचाने के प्रयास में टक्कर की आशंक 

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, डाबरी की ओर से पिकअप फर्रुखाबाद की तरफ जा रही थी, जबकि टैंकर फर्रुखाबाद की ओर से हुल्लापुर की तरफ बढ़ रहा था। जैनापुर के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि सड़क पर आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में टैंकर अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही पिकअप से टकरा गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, दोनों वाहन कब्जे मे 

हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य कराया और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जुटने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैंकर और पिकअप को कब्जे में ले लिया है।

थानाध्यक्ष के अनुसार, हादसे में पांच लोग घायल हुए थे, जिनमें महिला और बच्ची की मौत हो गई। मृतकों के पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक पल में उजड़ गई परिवार की खुशियां

शाहजहांपुर से अपने घर लौट रहे परिवार को क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। पत्नी पूजा और चार वर्षीय बेटी की मौत ने विमलेश के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस घर में उनके लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही मातम छा गया। जैनापुर के पास हुआ यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर गया है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *