आज की ताजा खबर

अछल्दा में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, कमरे में फंदे पर लटका मिला शव

top-news

बच्चों के स्कूल जाने को लेकर सुबह हुई थी कहासुनी, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

रोहित अवस्थी 

अछल्दा औरैया। थाना क्षेत्र के काशीपुर गांव में शनिवार शाम एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के अंदर कमरे में छत के कुंडे से साड़ी के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची डायल 112 और थाना पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


काशीपुर निवासी रानी देवी (38) पत्नी अरुण कुमार शाक्य का शव घर के अंदर कमरे में मिला। मृतका के बेटे आर्यन (12) और बेटी अंशी (14) के अनुसार, शनिवार सुबह जब वे स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे तो उन्हें डांटकर स्कूल जाने से रोक दिया गया। बच्चों ने बताया कि दोपहर में उनकी मां की भी दादी अनारकली और पिता से कहासुनी हुई थी। इस दौरान डायल 112 पुलिस भी मौके पर आई थी।

बच्चों के मुताबिक, शाम करीब पौने पांच बजे पिता ने बेटी को कूड़ा डालने और बेटे को खेत में घास काटने के लिए भेज दिया। करीब 15 मिनट बाद बेटी घर लौटी तो पिता और दादी वहां से जा चुके थे। कमरे में जाकर देखा तो मां का शव फंदे पर लटका मिला। बेटी ने खेत से अपने भाई को बुलाया और पास में रहने वाली ताई गुड़िया देवी को फोन कर सूचना दी। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से शव को नीचे उतारा गया।

सूचना पर थाना प्रभारी जीतमल चौधरी, उपनिरीक्षक रजनीश सिंह, उपनिरीक्षक अरविंद गुप्ता और हल्का इंचार्ज रामबहादुर मौके पर पहुंचे। मृतका के मायके पक्ष को भी सूचना दी गई है। थाना प्रभारी जीतमल चौधरी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *