आज की ताजा खबर

सांड़ से बचकर भागा युवक तालाब में गिरा, मौत से परिवार में मचा कोहराम

top-news

खेत की रखवाली करने गया था दीपू सिंह, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

रोहित अवस्थी 

रुरुगंज, औरैया। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के पुरवा भदौरिया गांव में रविवार शाम खेतों की रखवाली करने गए एक युवक को सांड़ ने खदेड़ दिया। जान बचाकर भागते समय युवक सामने स्थित तालाब में गिर गया। ग्रामीणों ने उसे तालाब से बाहर निकाला और परिजन तत्काल बिधूना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।


पुरवा भदौरिया गांव निवासी दीपू सिंह उर्फ पुष्पेंद्र (40) पुत्र भगवान सिंह रविवार शाम करीब सात बजे अपने खेतों की रखवाली करने गया था। बताया गया कि खेत के पास अचानक एक सांड़ ने उसे दौड़ा लिया। उससे बचने के लिए दीपू भागने लगा, तभी संतुलन बिगड़ने से वह सामने स्थित तालाब में गिर गया। युवक के तालाब में गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उसे बिधूना सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

दीपू की मौत की खबर मिलते ही पत्नी रंजना समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह छह भाइयों में सबसे छोटा था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा 12 वर्षीय बेटा देवा और आठ वर्षीय बेटी जागृति हैं। पिता की मौत से दोनों बच्चों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक, दीपू खेती-किसानी में सहयोग करने के साथ परिवार की जिम्मेदारियां भी संभालता था।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अछल्दा ब्लॉक प्रमुख शरद कुमार राना ने भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वीनेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *