आज की ताजा खबर

यूपी कांग्रेस में पदभार ग्रहण समारोह के दौरान बवाल, कार्यकर्ताओं में चले जूते-चप्पल; अजय राय भी हुए नाराज

top-news

आराधना मिश्रा मोना और इमरान मसूद के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में भिड़े समर्थक, एक-दूसरे से की धक्का-मुक्की

अजय राय पर टिप्पणी को लेकर बढ़ा विवाद, नाराज होकर जाने लगे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष को मनाया गया

रजत सिन्हा 

लखनऊ। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद इमरान मसूद के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की के साथ जूते-चप्पल चलने की भी बात सामने आई। काफी देर तक चले इस घटनाक्रम से कार्यक्रम का माहौल तनावपूर्ण हो गया।


अजय राय पर टिप्पणी को लेकर भिड़े कार्यकर्ता

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार को आराधना मिश्रा मोना और इमरान मसूद को अपने-अपने पद का कार्यभार ग्रहण करना था। इसी दौरान निवर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पर की गई टिप्पणी को लेकर अलग-अलग नेताओं के समर्थक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने विवाद का रूप ले लिया और कार्यकर्ता एक-दूसरे से धक्का-मुक्की करने लगे। इस दौरान जूते-चप्पल चलने की भी बात सामने आई।

नाराज होकर जाने लगे अजय राय, नेताओं ने मनाया

हंगामे के बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष अजय राय नाराज होकर वहां से जाने लगे। उन्होंने अपने साथ बदसलूकी होने की बात कही। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद ने उन्हें समझा-बुझाकर रोक लिया।

इससे पहले अजय राय ने आराधना मिश्रा मोना को विधिवत पदभार ग्रहण कराया था। लेकिन समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद ने कार्यक्रम की चर्चा का रुख बदल दिया। पदभार ग्रहण जैसे संगठनात्मक कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के आपसी टकराव ने पार्टी के भीतर अनुशासन और आपसी समन्वय को लेकर सवाल खड़े कर दिए।


 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *