आज की ताजा खबर

सात साल से एक्सप्रेस ट्रेनों की राह देख रहा अछल्दा स्टेशन, मेमू-पैसेंजर के सहारे हजारों यात्री

top-news

कोरोना काल में बंद हुआ ठहराव आज तक बहाल नहीं, कई बार ज्ञापन देने के बाद भी रेलवे ने नहीं सुनी फरियाद

रोहित अवस्थी

अछल्दा, औरैया। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर स्थित अछल्दा रेलवे स्टेशन के यात्रियों को एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव का इंतजार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। कोरोना काल में बंद हुआ एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव आज तक बहाल नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों की ओर से कई बार रेलवे अधिकारियों, सांसद और विधायक को ज्ञापन देकर मांग उठाई गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। ऐसे में हजारों यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए दूसरे स्टेशनों का रुख करना पड़ता है।

औरैया जिले से गुजरने वाले दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलमार्ग पर कंचौसी, फफूंद और अछल्दा प्रमुख स्टेशन हैं। कंचौसी और फफूंद स्टेशनों पर पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ शताब्दी एक्सप्रेस का भी ठहराव है। यहां से यात्री कानपुर, लखनऊ, दिल्ली और अन्य प्रमुख शहरों तक आसानी से सफर कर सकते हैं। इसके विपरीत अछल्दा स्टेशन पर एक भी एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव नहीं है।

करीब एक दशक पहले तक अछल्दा स्टेशन पर जनता एक्सप्रेस, उद्यान आभा तूफान एक्सप्रेस और महानंदा एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का ठहराव होता था। हालांकि, जनता और तूफान एक्सप्रेस को कोरोना काल से पहले ही बंद कर दिया गया था। इसके बाद कोरोना काल में महानंदा एक्सप्रेस का ठहराव भी समाप्त हो गया। अन्य स्टेशनों पर रेल सेवाएं बहाल होने के बावजूद अछल्दा में एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव दोबारा शुरू नहीं किया गया।


लंबी दूरी के यात्रियों को होती है परेशानी

वर्तमान में अछल्दा स्टेशन पर केवल पांच मेमू ट्रेनों का ठहराव होने से यात्रियों को सीमित विकल्प मिलते हैं। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने के लिए फफूंद या इटावा स्टेशन जाना पड़ता है। इससे यात्रियों का समय और पैसा दोनों खर्च होता है। व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अछल्दा क्षेत्र की आबादी और यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए यहां कम से कम एक-दो प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव जरूरी है। लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बहाल कर यात्रियों को राहत दी जाए।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *