आज की ताजा खबर

फूलपुर में आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला शटरिंग मिस्त्री का शव, परिवार में मचा कोहराम

top-news

दो बेटों के सिर से उठा पिता का साया, मौत पर बिलखते रहे माता-पिता व पत्नी

रोहित अवस्थी

अजीतमल औरैया। थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर खेत के पास आम के पेड़ पर एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों ने शव की पहचान गांव निवासी शटरिंग मिस्त्री प्रमोद दोहरे (35) पुत्र राम सिंह के रूप में की। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटवाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फूलपुर निवासी प्रमोद दोहरे शटरिंग लगाने का काम करता था। परिवार में पत्नी संगीता और दो बेटे शिवा (13) व देव (10) हैं। सोमवार रात खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। मंगलवार सुबह ग्रामीण जब नित्यक्रिया के लिए खेतों की ओर गए, तो उन्होंने जंग बहादुर मिश्रा के खेत के पास आम के पेड़ पर एक युवक का शव लटका देखा। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई।

सूचना पर अनंतराम चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। परिजनों ने बताया कि प्रमोद रात में कब घर से निकल गया, इसकी उन्हें जानकारी नहीं हुई। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए।

प्रमोद तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बेटे की मौत से मां सियाराम और पिता राम सिंह का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं, पत्नी और बच्चों का भी करुण क्रंदन देख मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। ग्रामीणों के अनुसार, प्रमोद को शराब पीने की आदत थी, जिसको लेकर परिवार में अक्सर कलह होती थी।

कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *