आज की ताजा खबर

अंबेडकरनगर: केदरूपुर जमीन विवाद में नया मोड़, दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी मुकदमा दर्ज

top-news

रोशनी मिश्रा की शिकायत पर पहले आठ लोगों के खिलाफ दर्ज हुई थी FIR, अब प्रेमनाथ चतुर्वेदी की तहरीर पर पांच लोग नामजद

11 अक्टूबर को हुई थी मारपीट की घटना, 13 अक्टूबर को दूसरे पक्ष की FIR दर्ज; दोनों मामलों की जांच में जुटी पुलिस

लालमणि गोंड

आलापुर, अंबेडकरनगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के केदरूपुर गांव में जमीन पर कब्जेदारी को लेकर हुए विवाद में नया मोड़ आ गया है। पहले पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दूसरे पक्ष की FIR 13 अक्टूबर 2026 को दर्ज हुई है, जबकि शिकायत में घटना की तारीख 11 अक्टूबर बताई गई है। अब दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

मामले में पहले पक्ष की रोशनी मिश्रा ने आरोप लगाया था कि कुछ लोग हथियारों से लैस होकर उनकी बैनामा शुदा जमीन पर कब्जा करने पहुंचे थे। विरोध करने पर उनके और उनके पति प्रदीप मिश्रा के साथ मारपीट की गई। महिला ने पति के सिर पर रिवॉल्वर की बट से हमला करने और लात-घूंसे, डंडे व धारदार हथियारों से चोट पहुंचाने का आरोप लगाया था। उनकी शिकायत पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।


जमीन के बैनामे और कब्जे को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने

रोशनी मिश्रा के मुताबिक, उन्होंने 9 दिसंबर 2019 को गाटा संख्या 432घ में एक बिस्वा आठ धुर जमीन का बैनामा कराया था। उनका कहना है कि जमीन की दाखिल-खारिज भी हो चुकी है और वर्ष 2019 से उनका परिवार उस पर काबिज है।

वहीं, दूसरे पक्ष के शिकायतकर्ता प्रेमनाथ चतुर्वेदी निवासी जल्लापुर का दावा है कि विवादित जमीन से संबंधित खतौनी में उनका नाम भूलवश दर्ज होने से रह गया है। इस तरह जमीन के स्वामित्व और कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं।

प्रेमनाथ की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ FIR

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रेमनाथ चतुर्वेदी की शिकायत पर राजेसुल्तानपुर थाने में FIR संख्या 0205/2026 दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को शाम 3:47 बजे दर्ज की गई। इसमें प्रदीप मिश्रा, वीरेंद्र, योगेंद्र, नरेंद्र उर्फ मुन्ना और सतेंद्र को नामजद किया गया है।

FIR में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 115(2), 352 और 351(3) के तहत मामला दर्ज है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 11 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे जब प्रेमनाथ विवादित खेत की जुताई कर रहे थे, तभी प्रदीप मिश्रा और उनके साथ आए लोगों ने कथित तौर पर जुताई रोकने की कोशिश की। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

दोनों मुकदमों की विवेचना जारी

राजेसुल्तानपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज किए गए हैं और विवेचना जारी है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, केदरूपुर गांव का यह जमीन विवाद दोनों पक्षों की शिकायतों के बाद पुलिस जांच के दायरे में है। जमीन के स्वामित्व, कब्जे और मारपीट से जुड़े आरोपों पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *