आज की ताजा खबर

बुजुर्गों के बीच पहुंचे एसपी अभिषेक भारती, स्नेह बांटकर लिया आशीर्वाद

top-news

फल-मिष्ठान वितरित कर शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित, वृद्धजनों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल

रोहित अवस्थी 

औरैया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने गुरुवार को आनेपुर स्थित माधव हैप्पी ओल्ड एज होम पहुंचकर वृद्धजनों के साथ आत्मीय पल बिताए। उन्होंने बुजुर्गों का हालचाल जाना, फल-मिष्ठान वितरित किए और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। एसपी ने वृद्धजनों का आशीर्वाद लेकर उनके स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना की।


समाज कल्याण विभाग एवं सहयोगी संस्था ऑक्सफोर्ड शिक्षा प्रसार संस्थान द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में एसपी के आगमन से बुजुर्गों में खासा उत्साह दिखाई दिया। वृद्धजनों ने गीत-संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उनका स्वागत किया। इस दौरान आश्रम का माहौल स्नेह, अपनत्व और खुशी से सराबोर रहा।

एसपी ने आश्रम की व्यवस्थाओं और बुजुर्गों की देखभाल की सराहना करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें आत्मीयता का अनुभव हुआ। उन्होंने संस्था सचिव डॉ. राजवर्धन शुक्ल और आश्रम प्रबंधक नरेंद्र पाल से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही अपने पूरे परिवार के साथ दोबारा आश्रम आने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक पारस नाथ चौधरी, कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार तिवारी, आश्रम का स्टाफ और बड़ी संख्या में वृद्धजन मौजूद रहे। आश्रम परिवार ने पुलिस अधीक्षक एवं उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *