आज की ताजा खबर

सुलतानपुर में शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारी तेज, 22 अक्टूबर को रवाना होंगी मतदान पार्टियां

top-news

मतदान कार्मिकों और जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेट को दिया गया प्रशिक्षण, निष्पक्ष मतदान के लिए समझाई गई प्रक्रिया

हर दो घंटे में कंट्रोल रूम को देनी होगी मतदान की सूचना, पीठासीन अधिकारियों को सौंपी गई मतदान सामग्री

सुशील मिश्रा

सुलतानपुर । गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर सुलतानपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में मतदान कार्मिकों और जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेट का द्वितीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में मतदान के दौरान निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों और जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. निसार अहमद ने मतदान अभिकर्ताओं के लिए प्रारूप-10 की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि मतदान अभिकर्ता यह प्रारूप लेकर आएंगे। पीठासीन अधिकारी अपने सामने उनसे इस पर हस्ताक्षर कराएंगे, फॉर्म जमा करेंगे और इसके बाद पास जारी करेंगे।


मतदान अधिकारियों को समझाई गई जिम्मेदारी

मास्टर ट्रेनर सत्यदेव पाण्डेय ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट के कार्यों एवं दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक दो घंटे में पड़े मतों की सूचना निर्धारित प्रारूप पर कंट्रोल रूम को भेजनी होगी। मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना भी उनकी जिम्मेदारी होगी।

मास्टर ट्रेनर सुनील कुमार सिंह ने रोल-प्ले के माध्यम से मतदान की पूरी प्रक्रिया समझाई। प्रशिक्षण में बताया गया कि प्रथम मतदान अधिकारी मतदाता की पहचान करेगा, द्वितीय मतदान अधिकारी मतपत्र और अमिट स्याही से संबंधित जिम्मेदारी निभाएगा, जबकि तृतीय मतदान अधिकारी मतपेटी का प्रभारी होगा।

22 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट से रवाना होंगी पार्टियां

प्रशिक्षण व्यवस्था देख रहे डॉ. जनार्दन राय ने बताया कि पीठासीन अधिकारियों को मतदान सामग्री से संबंधित थैले उपलब्ध कराए गए। यह सामग्री वाहिद अली ने वितरित की। प्रशिक्षण में सभी नियुक्त मतदान कार्मिकों के साथ जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट शामिल हुए।

कार्मिकों को निर्देश दिया गया कि 22 अक्टूबर 2026 को कलेक्ट्रेट परिसर से मतदान पार्टियां रवाना होंगी। सभी को समय से पहुंचकर पहले अपनी प्रस्थान ड्यूटी प्राप्त करनी होगी। इसके बाद आवंटित मतदान केंद्र से संबंधित निर्वाचक नामावली, अमिट स्याही और अन्य आवश्यक सामग्री लेकर निर्धारित वाहन से रवाना होना होगा।

प्रशिक्षण के दौरान पीपीटी तैयार करने और उसके संचालन में वकील अहमद तथा विपिन यादव ने सहयोग किया। बैठक व्यवस्था में प्रदीप नाजिर, कल्लूराम, अखिलेश वर्मा, कालिका पाण्डेय और राम तीर्थ का योगदान रहा।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *