आज की ताजा खबर

पिंक तहसील दिवस में एसपी आरती सिंह का सख्त रुख, फरियादियों को राहत देने के लिए अफसरों को दो टूक निर्देश

top-news

मिशन शक्ति 6.0 के तहत फतेहगढ़ से कायमगंज तक गूंजीं फरियादें, शिकायतों के स्थलीय सत्यापन और समयबद्ध निस्तारण पर जोर

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद । महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत शनिवार को जनपद की सदर तहसील फतेहगढ़ और कायमगंज में पिंक समाधान दिवस आयोजित किए गए। फतेहगढ़ में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं, जबकि कायमगंज में मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी ने शिकायतों की सुनवाई की। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।


एसपी आरती सिंह ने दिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश 

सदर तहसील फतेहगढ़ में आयोजित पिंक समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिकायतों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए स्थलीय सत्यापन करने और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों का निस्तारण महज कागजी औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि पीड़ितों को धरातल पर राहत मिलनी चाहिए। किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।


कायमगंज में भी शिकायतों को लेकर अधिकारी गंभीर 

तहसील कायमगंज में आयोजित पिंक तहसील दिवस में मुख्य विकास अधिकारी फर्रुखाबाद, उपजिलाधिकारी कायमगंज और क्षेत्राधिकारी कायमगंज ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों की जांच कर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभागीय समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में समस्याओं का समाधान करने पर जोर दिया गया।

महिला सुरक्षा और सम्मान पर मिशन शक्ति का फोकस

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने तथा उनकी शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने का प्रयास किया जा रहा है। पिंक समाधान दिवस महिलाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने और उन्हें प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाए, ताकि फरियादियों को उनकी समस्याओं से प्रभावी राहत मिल सके।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *