आज की ताजा खबर

चार दिन से लापता दवा सप्लायर का गन्ने के खेत में मिला शव, सिर पर मिले चोट के निशान; हत्या की आशंका

top-news

उज्जवल मिश्रा

दोस्तपुर सुल्तानपुर l दोस्तपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर स्थित पसिया पारा में रविवार सुबह गन्ने के खेत में एक अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कोहरा गांव निवासी बखेड़ू गौढ़ (55 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय राम आधार के रूप में हुई है। वह आयुर्वेदिक दवाओं की सप्लाई का काम करते थे और बीते चार दिनों से लापता थे।

मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। इसके अलावा शव के पास न तो उनकी साइकिल मिली और न ही एक पैर में चप्पल थी। मृतक की बेटी ने हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।


खाना खाकर साइकिल से निकले थे, फिर नहीं लौटे

मृतक की बेटी अंशिका ने बताया कि उनके पिता गांव-गांव जाकर आयुर्वेदिक दवाएं बेचने का काम करते थे। चार दिन पहले वह घर पर खाना खाने के बाद अपनी साइकिल लेकर निकले थे। इसके बाद परिवार के लोग खेत चले गए, लेकिन बखेड़ू घर वापस नहीं लौटे। रविवार सुबह पसिया पारा में दानपति यादव के गन्ने के खेत में उनका शव पड़े होने की सूचना मिली।


घटनास्थल से शराब की बोतल व गिलास बरामद

घटना की सूचना मिलते ही सीओ कादीपुर विनय गौतम, दोस्तपुर एसओ नारद मुनि सिंह और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से डिस्पोजल/कांच के गिलास और अंग्रेजी शराब की बोतल बरामद हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार बखेड़ू शराब पीने के आदी थे और अक्सर घर से गायब रहते थे। घटनास्थल से लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर शराब की दुकान भी स्थित है।

परिवार में छाया मातम

बखेड़ू आठ बेटियों और एक बेटे के पिता थे। इनमें से छह बेटियों का विवाह हो चुका है, जबकि दो बेटियां अभी अविवाहित हैं। उनका 22 वर्षीय बेटा सुमित मुंबई में रहकर मजदूरी करता है। घटना की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पत्नी सावित्री देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में नशे की हालत में दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *