आज की ताजा खबर

नासिक में ब्रह्म समाज एसोसिएशन ने किया 125 कन्याओं का सामूहिक पूजन, भक्ति में सराबोर हुआ तुलजा भवानी मंदिर

top-news

शारदीय नवरात्रि पर विधि-विधान से हुई माता तुलजा भवानी की पूजा-अर्चना, कन्याओं को भेंट किए प्रसाद, उपहार और दक्षिणा

महिला मंडल के भजन-कीर्तन ने बांधा समां, आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और परिवारजन हुए शामिल

लोक भारती न्यूज ब्यूरो 

नासिक, महाराष्ट्र। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर ब्रह्म समाज एसोसिएशन नासिक की ओर से रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को जाचक माला स्थित आई तुलजा भवानी पुराने मंदिर में कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक चले इस आयोजन में 125 कन्याओं का सामूहिक पूजन किया गया। धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत माता तुलजा भवानी की पूजा-अर्चना, भोग, माल्यार्पण और आरती से हुई। उपस्थित लोगों ने माता का आशीर्वाद लिया। इसके बाद महिला मंडल ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर भक्तिमय माहौल बना दिया। संगठन के उपाध्यक्ष श्री आर.एन. अवस्थी ने कार्यक्रम में आए अतिथियों का स्वागत किया और सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।


विधि-विधान से हुआ कन्या पूजन

संगठन के वरिष्ठ संरक्षक श्री के.सी. पांडेय ने माता तुलजा भवानी, हनुमान जी और भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। इसके बाद विधिवत कन्या पूजन शुरू हुआ। आयोजन में कन्याओं को समूहों में बैठाकर पूजन किया गया। पूजन के बाद सभी कन्याओं को प्रसाद, उपहार और दक्षिणा देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ब्रह्म समाज एसोसिएशन नासिक के वरिष्ठ संरक्षक श्री के.सी. पांडेय, श्री संजय पांडेय (डायरेक्टर, अमरोहा एंटरप्राइजेज), संरक्षक श्री संजीव चतुर्वेदी, अध्यक्ष श्री जे.पी.एन. पाठक, उपाध्यक्ष श्री आर.एन. अवस्थी, महासचिव श्री उत्तम नारायण मिश्रा, सचिव श्री हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष श्री मेरु गोसाई और लेखा अधिकारी श्री गोपाल उपाध्याय सहित संगठन के वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे। माताओं, कन्याओं और उनके परिवारों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया।

प्रसाद और जलपान की रही व्यवस्था

आयोजन में शामिल लोगों के लिए ब्रह्म समाज एसोसिएशन नासिक की ओर से प्रसाद, चाय और पानी की व्यवस्था की गई थी। महिला मंडल की भजन-कीर्तन प्रस्तुतियों की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

मंदिर के मालिक श्री दत्तू जाचक ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग दिया। संगठन की ओर से उनके और उनके परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इसी तरह सहयोग की अपेक्षा जताई गई।

अंत में ‘जय तुलजा भवानी माता’, ‘जय परशुराम’ और ‘जय ब्रह्म समाज एसोसिएशन नासिक’ के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *