आज की ताजा खबर

खेत की सिंचाई करने गए पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, अज्ञात जानवर के हमले की आशंका

top-news

अंबेडकर नगर के आजनपारा गांव में सुबह खेत में मिले दोनों के शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे

दंपती के चार बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया, मौत की वजह जानने के लिए जांच जारी

लालमणि गोंड

आलापुर (अंबेडकर नगर)। मालीपुर थाना क्षेत्र के आजनपारा गांव में खेत की सिंचाई करने गए पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह दोनों के शव खेत में मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। शुरुआती जानकारी में किसी अज्ञात जानवर के हमले की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान आजनपारा गांव निवासी विशून लाल (45), पुत्र राम केवल, और उनकी पत्नी द्रोपदी (लगभग 43 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, दंपती रविवार रात करीब 12 बजे खेत की सिंचाई करने के लिए घर से निकले थे। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में दोनों के शव पड़े देखे और इसकी सूचना परिजनों को दी।


रात में सिंचाई करने गए थे दंपती, सुबह खेत में मिले शव

शव मिलने की जानकारी पर परिजन खेत पहुंचे और दोनों की पहचान की। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह और मालीपुर थाना अध्यक्ष तनुष कुमार पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अज्ञात जानवर के हमले की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में दंपती की मौत किसी अज्ञात जानवर के हमले से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

चार बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

विशून लाल और द्रोपदी के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ा बेटा सनी (लगभग 23 वर्ष) बाहर रहकर निजी नौकरी करता है। दूसरे नंबर पर बेटी आकांक्षा (लगभग 19 वर्ष), तीसरे नंबर पर बेटा साहिल (लगभग 16 वर्ष) और सबसे छोटी बेटी दीक्षा (लगभग 13 वर्ष) है।

माता-पिता की एक साथ मौत से बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। फिलहाल परिवार और ग्रामीण पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिससे दंपती की मौत की परिस्थितियों का पता चल सके।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *