आज की ताजा खबर

बभनौली प्राथमिक विद्यालय में भीषण चोरी, बर्तन से लेकर पंखे और खेल सामग्री तक उठा ले गए चोर

top-news

मुख्य गेट का ताला तोड़कर वारदात, 36 थालियां समेत लाखों के सामान की चोरी की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

मोहम्मद नईम  

मंशाछापर, कुशीनगर। विशुनपुरा विकासखंड के ग्राम पंचायत बभनौली स्थित प्राथमिक विद्यालय में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर विद्यालय के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और बर्तन, पंखे, साउंड सिस्टम सहित अन्य जरूरी सामान लेकर फरार हो गए। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर विद्यालय पहुंचे प्रधानाध्यापक और कर्मचारियों ने सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए।

प्रधानाध्यापक अविनाश चंद्र के अनुसार, चोर विद्यालय से 36 थालियां, दो बड़े बर्तन, खाना बनाने वाली दो बड़ी बाल्टियां, दो सीलिंग फैन, दो साउंड सिस्टम, एक स्कूल रेजिडेंस किट, दो सेट कुर्सियां तथा खेलकूद का सामान चोरी कर ले गए। घटना के बाद विद्यालय की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। प्रधानाध्यापक के द्वारा बताया इसके पूर्व भी दो बार विद्यालय में चोरी हो चुका है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई जिससे उनका मनोबल बढ़ा हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक, विद्यालय में रात के समय चौकीदार की तैनाती नहीं रहती है। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने इसी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

विद्यालय प्रशासन की ओर से थाने में लिखित तहरीर दी गई है। घटना के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी है। उन्होंने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटना का जल्द खुलासा कर सामान बरामद करने की मांग की है। विद्यालय जैसे शैक्षणिक परिसर में चोरी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *