आज की ताजा खबर

अंबेडकरनगर में एक ही रात तीन दुकानों में चोरी, नकदी और कीमती सामान लेकर चोर फरार

top-news

सिंघल पट्टी बाजार में किराना स्टोर, जनसेवा केंद्र और फास्ट फूड की दुकान बनी निशाना

छत के जीने पर लगी एलबेस्टर शीट तोड़कर घुसे चोर, पुलिस ने शुरू की जांच

लालमणि गोंड

आलापुर (अंबेडकरनगर)। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के सिंघल पट्टी बाजार में चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। एक ही परिसर में संचालित किराना स्टोर, जनसेवा केंद्र और फास्ट फूड की दुकान से नकदी और कीमती सामान चोरी होने की शिकायत सामने आई है। सुबह दुकानें खोलने पहुंचे संचालकों को अंदर का दरवाजा टूटा और सामान बिखरा मिला। पीड़ितों ने डायल 112 पर सूचना देने के बाद थाने में संयुक्त तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।


किराना दुकान से 22 हजार रुपये और सामान गायब

तहरीर के मुताबिक, भरतपुर निवासी ओमप्रकाश पुत्र संतदेव की किराना दुकान सिंघल पट्टी बाजार में बड़ौदा यूपी बैंक के पास स्थित है। ओमप्रकाश रविवार रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद करके घर चले गए थे। अगले दिन सुबह लगभग सात बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का दरवाजा टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था।

जांच करने पर करीब 22 हजार रुपये नकद के साथ काजू, बादाम, तेल समेत अन्य कीमती सामान गायब मिला। इसके बाद उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी।


जनसेवा केंद्र और फास्ट फूड की दुकान में भी चोरी

पीड़ितों की संयुक्त तहरीर के अनुसार, जनसेवा केंद्र के अंदर का दरवाजा भी टूटा हुआ था। केंद्र संचालक बाबूलाल ने वहां से करीब 25 हजार रुपये नकद चोरी होने की शिकायत की है।

वहीं, मकान मालिक संतोष मिश्रा की फास्ट फूड की दुकान से मशीन, बर्तन और अन्य सामान गायब होने की बात कही गई है। इस तरह तीनों दुकानों में चोरी की घटना सामने आने के बाद स्थानीय कारोबारियों में चिंता का माहौल है।

छत पर लगी एलबेस्टर शीट तोड़कर घुसने की आशंका

पीड़ितों का कहना है कि चोर छत के ऊपर बने जीने पर लगी एलबेस्टर शीट तोड़कर परिसर में दाखिल हुए और इसके बाद दुकानों को निशाना बनाया। एक ही परिसर में तीन दुकानों में चोरी की शिकायत से बाजार के दुकानदारों में दहशत है।

पुलिस बोली- मामले की गंभीरता से हो रही जांच

राजेसुल्तानपुर थाना अध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है। उन्होंने घटना में शामिल लोगों का जल्द पता लगाने की बात कही है।

फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही चोरी की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पीड़ित दुकानदारों ने मामले का खुलासा कर चोरी गए नकदी और सामान की बरामदगी की मांग की है।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *