आज की ताजा खबर

डीएम डॉ. अंकुर लाठर की निगरानी में ब्लैकआउट मॉकड्रिल, आपातकालीन तैयारियों को परखा

top-news

एसपी आरती सिंह के साथ पुलिस लाइन में हुआ अभ्यास, हवाई हमले और अग्निकांड जैसी परिस्थितियों में राहत-बचाव तथा विभागीय समन्वय की जांच

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़  

फर्रुखाबाद। हवाई हमले और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में जनसुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने रविवार शाम अपनी तैयारियों को जमीन पर परखा। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की निगरानी और पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह की मौजूदगी में पुलिस लाइन स्थित अग्निशमन केंद्र, फतेहगढ़ में ब्लैकआउट मॉकड्रिल एक्सरसाइज-2026 आयोजित की गई। इसमें आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और राहत-बचाव कार्यों की व्यवस्थाओं का अभ्यास किया गया।


शाम छह बजे आयोजित मॉकड्रिल में हवाई हमले, अग्निकांड और शत्रुतापूर्ण परिस्थितियों जैसी आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों का आकलन किया गया। साथ ही एयर रेड अर्ली वार्निंग सिस्टम, ब्लैकआउट व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की कार्यक्षमता भी परखी गई।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में जनहानि रोकने के लिए पूर्व तैयारी, समय पर सूचना और त्वरित कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण है। मॉकड्रिल के माध्यम से अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिक सुरक्षा कोर के स्वयंसेवकों को उनकी जिम्मेदारियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलता है। उन्होंने आपात स्थिति में आमजन को सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।

अभ्यास के दौरान नागरिक सुरक्षा कोर के स्वयंसेवकों की भूमिका, लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की प्रक्रिया तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण किया गया। प्रशासन का उद्देश्य वास्तविक आपदा के समय विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरसी माथुर, उपायुक्त उद्योग सोनल जिंदल, आपदा प्रबंधक आयुष्मान परिहार सहित नागरिक सुरक्षा कोर के कर्मचारी, स्वयंसेवक और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *