आज की ताजा खबर

करौली शंकर के बयानों पर श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन ने जताई आपत्ति

top-news

अखाड़े को बदनाम करने की साजिश बर्दाश्त नहीं : महंत जगतार मुनि

कानूनी कार्रवाई की दी चेतावनी

पवन द्विवेदी

प्रयागराज। श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण, मुट्ठीगंज प्रयागराज ने कानपुर के करौली शंकर द्वारा अखाड़ा छोड़ने के बाद संस्था के संबंध में दिए जा रहे भ्रामक एवं आपत्तिजनक बयानों पर आज कड़ी नाराजगी जताई है। इस संबंध में आयोजित प्रेसवार्ता में अखाड़े के सचिव महंत जगतार मुनि ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अखाड़े की प्रतिष्ठा, धार्मिक परंपराओं और मर्यादाओं को बदनाम करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

महंत जगतार मुनि ने करौली शंकर को महामंडलेश्वर बनाए जाने से लेकर अखाड़े से उनके अलग होने तक के घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि करौली शंकर ने स्वयं अखाड़े से महामंडलेश्वर बनाए जाने का आग्रह किया था। उनके अनुरोध पर अखाड़े के पंचों ने उन्हें महामंडलेश्वर की उपाधि प्रदान की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में करौली शंकर ने अखाड़े में एक कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें हजारों लोगों को बुलाया गया। इस दौरान अखाड़े की परंपराओं एवं मर्यादाओं के विपरीत तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियां की गईं, जो उदासीन परंपरा का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अखाड़े में सभी देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना होती है, लेकिन किसी भी प्रकार के पाखंड, ढोंग अथवा तंत्र-मंत्र को स्थान नहीं दिया जाता।


महंत जगतार मुनि ने आरोप लगाया कि अखाड़े के आराध्य जगतगुरु आचार्य श्री श्रीचंद्र भगवान की पूजा के स्थान के समीप अपने गुरुओं के चित्र लगाए गए। इसके साथ ही मंदिर का दानपात्र हटाकर अलग दानपात्र लगाने और रसीदें काटकर धन एकत्र करने जैसी गतिविधियां भी की गईं। उन्होंने कहा कि उस समय अखाड़े के पंच नासिक कुंभ की व्यवस्थाओं में व्यस्त थे और अन्य पदाधिकारी भी अलग-अलग जिम्मेदारियों में लगे हुए थे। जब इन गतिविधियों की जानकारी पंचों को हुई तो उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई।

महंत जगतार मुनि ने बताया कि पंचों की नाराजगी की जानकारी मिलने के बाद करौली शंकर अखाड़े में नहीं आए और बाद में अखाड़े से अलग हो गए। अब अखाड़ा छोड़ने के बाद उनके द्वारा संस्था के संबंध में दिए जा रहे बयानों से अखाड़े की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण अपनी धार्मिक परंपराओं, सिद्धांतों और मर्यादाओं के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी व्यक्ति के संस्था छोड़ने से अखाड़े की प्रतिष्ठा, परंपरा और कार्यप्रणाली पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। अखाड़ा सनातन धर्म की परंपराओं का निर्वहन करने के साथ ही भारतीय संविधान एवं कानून का पूर्ण सम्मान करता है।

महंत जगतार मुनि ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति अखाड़े को बदनाम करने अथवा उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की साजिश करता है तो उसके विरुद्ध कानूनी रूप से कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रेसवार्ता में श्री पंचायती बड़ा उदासीन अखाड़े के महंत दुर्गा दास जी भी मौजूद रहे। उन्होंने भी अखाड़े की परंपराओं एवं मर्यादाओं के संबंध में अपनी आपत्ति व्यक्त की।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *