आज की ताजा खबर

स्काउट-गाइड शिविर से विद्यार्थियों में जागृत होता है सेवा भाव: रमेशचन्द्र गुप्ता

top-news

ब्लूमिंग चिल्ड्रेन एकेडमी में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, छात्र-छात्राओं को सिखाए जा रहे जीवनोपयोगी कौशल

लालमणि गोंड

आलापुर (अंबेडकरनगर)। स्काउट-गाइड शिविर विद्यार्थियों के मन, मस्तिष्क और आत्मा में सेवा भाव जागृत करने का सशक्त माध्यम है। इससे बच्चों में अनुशासन, सहयोग और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। यह बातें ब्लूमिंग चिल्ड्रेन एकेडमी, देवरिया पंडित के प्रबंधक रमेशचन्द्र गुप्ता ने तीन दिवसीय स्काउट-गाइड शिविर के उद्घाटन अवसर पर कहीं। उन्होंने स्काउट ध्वज फहराकर शिविर का शुभारंभ किया।


विद्यालय में 23 से 25 नवंबर तक आयोजित इस शिविर में प्रथम और द्वितीय सोपान के छात्र-छात्राओं को स्काउटिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहले दिन शिविर संचालक एवं जिला संगठन आयुक्त बलिराम राजभर ने विद्यार्थियों को शिविर का परिचय कराने के साथ स्काउट-गाइड के नियम, प्रार्थना, झंडा गीत, प्रतिज्ञा, सैल्यूट और बाएं हाथ से अभिवादन करने की परंपरा की जानकारी दी। उन्होंने स्काउटिंग के इतिहास के बारे में भी विस्तार से बताया।

दूसरे दिन विद्यार्थियों को सिखाए गए व्यावहारिक कौशल

शिविर के दूसरे दिन प्रशिक्षण में शामिल छात्र-छात्राओं को सर्वधर्म प्रार्थना, छह व्यायाम, मार्च पास्ट, टर्न आउट और अनुमान लगाने का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही तारामंडल की जानकारी और किम्स गेम के माध्यम से चखने, देखने तथा सुनने की क्षमता से जुड़े अभ्यास कराए गए। प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को इन गतिविधियों के जरिए सतर्कता, एकाग्रता और निरीक्षण क्षमता विकसित करने की जानकारी दी।

इस दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा गुप्ता, प्रशिक्षक गौतम जायसवाल, करिश्मा और आंचल पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *