आज की ताजा खबर

बारिश में भरभराकर गिरा खपरैलपोश मकान, बाल-बाल बचा परिवार

top-news

मकान गिरने से घरेलू सामान क्षतिग्रस्त, बारिश के बीच परिवार के सामने रहने का संकट

शोएब खान

पीलीभीत। लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार को कलीनगर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत नवादिया धनेश में एक खपरैलपोश कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया।

हादसे के समय घर में परिवार के लोग मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि सभी सुरक्षित बाहर निकल आए।

मकान ढहने से घरेलू सामान भी प्रभावित हुआ है और परिवार के सामने बारिश के मौसम में रहने का संकट खड़ा हो गया है।

गांव निवासी कामता प्रसाद पुत्र त्रिलोक राम ने बताया कि कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण उनका कच्चा मकान कमजोर हो गया था।

कच्ची दीवारों के सहारे खपरैल टिकी हुई थी। शनिवार को वह अपने बच्चों के साथ घर में मौजूद थे। इसी दौरान अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया।

मकान गिरने की आहट होते ही परिवार के लोग किसी तरह बाहर निकल आए। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

मकान के मलबे में घरेलू सामान दबने से परिवार को नुकसान भी हुआ है। बारिश के बीच आशियाना ढह जाने से पीड़ित परिवार के सामने अब रहने की समस्या खड़ी हो गई है।

पीड़ित कामता प्रसाद ने प्रशासन से मकान गिरने के मामले का मौके पर निरीक्षण कराकर आर्थिक सहायता दिलाने तथा आवासीय मदद उपलब्ध कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने भी प्रशासन से बारिश के दौरान कमजोर और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *