आज की ताजा खबर

36 घंटे की बारिश के बीच बनबसा बैराज पहुंचे डीएम-एसपी, शारदा के जलस्तर का लिया जायजा

top-news

बाढ़ और जलभराव की आशंका को लेकर 24 घंटे निगरानी के निर्देश, निचले इलाकों में सतर्कता बढ़ाने को कहा

शोएब खान

पीलीभीत। जिले में करीब 36 घंटे से लगातार हो रही बारिश के बीच संभावित बाढ़ और जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। शनिवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बनबसा बैराज पहुंचकर शारदा नदी के जलस्तर और बैराज से हो रहे पानी के डिस्चार्ज की स्थिति का स्थलीय जायजा लिया। अधिकारियों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से जलस्तर, गेज लेवल और पानी की निकासी की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली।


 डीएम और एसपी ने बैराज एवं आसपास के क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति को मानचित्र के माध्यम से समझा। इस दौरान अधिकारियों ने बारिश के कारण संभावित जलभराव और बाढ़ की स्थिति को लेकर संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी भी ली। डीएम ने बैराज और शारदा नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी करने तथा इसमें होने वाले प्रत्येक बदलाव की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 जिलाधिकारी ने कहा कि लगातार बारिश और नदी के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए सभी संबंधित विभाग 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहें। निचले और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार रखी जाएं।

 उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखें और किसी भी तरह की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

 लगातार बारिश के कारण जिले के कई ग्रामीण और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में बैराज और शारदा नदी के जलस्तर पर प्रशासन की विशेष नजर है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रसून द्विवेदी, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड आशुतोष कुमार समेत सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *