आज की ताजा खबर

पीलीभीत और पूरनपुर में रुकेगी भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस

top-news

गुजरात से बिहार तक जुड़ेगा तराई, सप्ताह में तीन दिन चलेगी ट्रेन; रेल मंत्रालय जल्द घोषित करेगा नियमित संचालन की तारीख

शोएब खान

पीलीभीत। पीलीभीत और पूरनपुर के रेल यात्रियों के लिए बड़ी सौगात मिली है। गुजरात के भुज से बिहार के बरौनी के बीच चलने वाली नई त्रि-साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव पीलीभीत और पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर भी होगा। इससे तराई क्षेत्र के यात्रियों को गुजरात, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रमुख शहरों तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरा होने से यात्रियों में खुशी है।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से सोमवार, बुधवार और शनिवार को रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 19428 बरौनी-भुज मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। करीब 2500 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने वाली ट्रेन अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, मथुरा, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, सीतापुर, डालीगंज, गोरखपुर और छपरा समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। ट्रेन के नियमित संचालन की तारीख रेलवे की ओर से जल्द घोषित की जाएगी।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री और पीलीभीत सांसद जितिन प्रसाद ने कहा कि पीलीभीत और तराई क्षेत्र को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए लगातार नई रेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नई ट्रेन से विद्यार्थियों, व्यापारियों, किसानों, नौकरीपेशा लोगों, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र की आर्थिक और पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि पीलीभीत-मैलानी रेल सेवा और पीलीभीत-लखनऊ रेल संपर्क के विस्तार के साथ नई ट्रेनों के संचालन, महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं में वृद्धि के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पीलीभीत रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास भी प्रगति पर है। यहां लिफ्ट, एस्केलेटर, पार्किंग और फुट ओवरब्रिज जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। पूरनपुर और माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज की स्वीकृति भी मिल चुकी है।

नई ट्रेन के ठहराव पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई। उन्होंने सांसद जितिन प्रसाद के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया।।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *