आज की ताजा खबर

भरभराकर गिरे कच्चे मकान के मलबे में दबे 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, परिवार में मचा कोहराम

top-news

लगातार बारिश के बीच हादसे से श्याम नगर अटसू में मचा हड़कंप, जर्जर मकानों में रह रहे लोगों की बढ़ी चिंता

रोहित अवस्थी

अजीतमल औरैया। लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार को अटसू क्षेत्र के श्याम नगर में दर्दनाक हादसा हो गया। कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिरने से उसके मलबे में दबकर करीब 65 वर्षीय विष्णु शुक्ला पुत्र जागेश्वर दयाल की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बचाव कार्य में जुट गए।

बताया गया कि श्याम नगर निवासी विष्णु शुक्ला शनिवार को कच्चे मकान में मौजूद थे। इसी दौरान अचानक मकान भरभराकर ढह गया और वह मलबे में दब गए। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर बुजुर्ग को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।


काफी प्रयास के बाद विष्णु शुक्ला को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। हादसे में उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं घटना से पूरे श्याम नगर में शोक की लहर दौड़ गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण कच्चे और जर्जर मकानों की स्थिति लगातार खराब हो रही है। ऐसे मकानों में रहने वाले परिवारों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में कच्चे और जर्जर मकानों का सर्वे कराया जाए तथा खतरे की स्थिति वाले परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के साथ ही पात्र लोगों को आवास योजना का लाभ दिलाया जाए। उनका कहना है कि समय रहते ऐसे मकानों को चिन्हित किया गया होता तो हादसे को टाला जा सकता था।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *