आज की ताजा खबर

पुलिस प्रशासन ने केशव ग्रीन सिटी में चलाया रेस्क्यू आपरेशन

top-news

कॉलोनी में फंसे परिवारों को सुरक्षित निकाला, आधा दर्जन मोहल्लों में घुसा बाढ़ का पानी

अनुराग मिश्रा

सीतापुर। पिरई व सरायन नदी का लगातार बढ़ रहे जलस्तर से केशव ग्रीन सिटी के हालात बिगड़ते जा रहे है। पूरी कॉलोनी में बाढ़ जैसे हालात बन गए है, जिलाधिकारी के निर्देश पर सीतापुर पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर जलमग्न घरों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। मालूम हो कि पिरई व सरायन नदी का जलस्तर लगातार बढ़  रहा है। जिससे शहर के करीब आधा दर्जन मोहल्लों में पानी घरों में घुस गया है।

केशव ग्रीन सिटी पूरी तरह बाढ़ की चपेट में आ गए है। केशव ग्रीन सिटी में घरों में लोगों व पालतू जानवरों के फंसे होने की सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में रामकोट पुलिस, फायर ब्रिगेड, पीआरवी-112, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। थानाध्यक्ष रामकोट पीयूष सिंह के नेतृत्व में टीम ने मोटर बोट, लाइफ जैकेट और अन्य राहत उपकरणों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया। टीम ने जलभराव में फंसे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों, बीमार लोगों के साथ पालतू जानवरों को भी सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस के मुताबिक रेस्क्यू किए गए लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया गया, जहां उनके लिए भोजन, पेयजल और चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था की गई। लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच पुलिस व आपदा राहत टीमों ने दिन-रात अभियान चलाया। पुलिस ने लोगों से सरायन नदी और जलभराव वाले निचले इलाकों से दूर रहने तथा बच्चों व मवेशियों को पानी के तेज बहाव से बचाने की अपील की है। मोहल्लें में जाने के लिए रोक लगा दी गई है।


पानी में तैर रही कारें

केशव ग्रीन सिटी में करीब आठ मीटर पानी भर जाने से मोहल्लें में खड़ी कारें पानी में बह रही है। कई ऐसे परिवार है जो बारिश से पहले शहर से बाहर गए थे आए तो मोहल्लें का नजारा ही बदल गया। मोहल्लेवासियों के मुताबिक लगभग चार कारें पानी में डूब कर तैरती नजर आई।


चार दिन से बिजली गुल, सड़क पर उतरे इस्माइलपुर निवासी

सीतापुर। शहर के इस्माइलपुर मोहल्ले में चार दिन से बिजली आपूर्ति ठप होने से नाराज लोगों का सब्र सोमवार को जवाब दे गया। दोपहर करीब चार बजे बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और जाम लगा दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश व तेज आंधी में बिजली का खंभा टूटने के बाद से आपूर्ति बाधित है। करीब पांच हजार की आबादी प्रभावित बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।


डीएम ने चखा बाढ़ पीड़ितों को दिए जाने वाला भोजन

 लगातार बारिश और सरायन नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने सोमवार रात दुर्गापुरवा वार्ड, सहगल धर्मशाला समेत विभिन्न रैन बसेरों का निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव की स्थिति का जायजा लेने के साथ वहां मौजूद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। डीएम ने भोजन व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली और प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता परखने के लिए स्वयं भोजन ग्रहण किया। भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक मिली। विद्युत व्यवस्था में आई समस्या पर संबंधित अधिकारी को तत्काल आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम सदर को रैन बसेरों की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी तथा रात में अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।


बाढ़ प्रभावित गांवों, मार्गों का डीएम ने किया निरीक्षण

लगातार बारिश के बीच जिलाधिकारी ने सोमवार शाम महमूदाबाद तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों और मार्गों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हेलेपारा, पोखराकलां और रामपुर मथुरा के बेलहरी गांव पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी ली। सदरपुर-गोड़ैचा मार्ग स्थित रपटा पुल तथा पोखराकलां-घरथरी मार्ग पर चल रहे पानी का भी निरीक्षण किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने चौका नदी के जलस्तर और आसपास के हालात देखे तथा अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन के अनुसार सदरपुर-गोड़ैचा, पोखराकलां-धरमपुर, रेउसा-महमूदाबाद और शमसाबाद-सदरपुर मार्गों पर पानी चल रहा है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी, तहसीलदार उमाशंकर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *