आज की ताजा खबर

पानी के गहरे गड्ढे और बंबा में डूबे तीन मासूम, तीनों के शव बरामद

top-news

देईपुर में दो बच्चों की मौत के बाद बंबा में डूबे हरी की भी गई जान, हादसों से मचा कोहराम

रोहित अवस्थी 

एरवाकटरा औरैया। थाना क्षेत्र में मंगलवार को पानी में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। देईपुर गांव में सड़क किनारे खेत में खोदे गए गहरे गड्ढे में भरे पानी में नहाते समय दो बच्चों की डूबकर मौत हो गई। वहीं, इसी क्षेत्र के नगरिया राजाराम में बंबा में नहाने गए 13 वर्षीय हरी की भी डूबने से जान चली गई। तीनों बच्चों के शव बरामद होने के बाद उनके परिवारों में चीख-पुकार मच गई।


देईपुर निवासी अनिल सिंह का आठ वर्षीय पुत्र कृष्णा और राजीव का नौ वर्षीय पुत्र आर्यन मंगलवार दोपहर सड़क किनारे खेत में बने गहरे गड्ढे में नहाने गए थे। ग्रामीणों के अनुसार गड्ढे में मौरंग लदे ट्रकों की धुलाई के कारण पानी भरा था।

नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए। जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। दोपहर बाद दोनों के शव बरामद कर सीएचसी पहुंचाए गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

उधर, नगरिया राजाराम निवासी सोनू का 13 वर्षीय पुत्र हरी दोपहर करीब एक बजे दोस्तों के साथ बंबा में नहाने गया था। गहरे पानी में जाने पर वह डूब गया। साथियों ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों के साथ तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद हरी का शव भी बरामद कर लिया गया।

घटना की सूचना पर सीओ बिधूना पुनीत मिश्रा, एसडीएम कमल कुमार सिंह, नायब तहसीलदार राकेश कुमार समेत पुलिस व राजस्व टीम मौके पर पहुंची। तीन मासूमों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *