आज की ताजा खबर

एटीएम में धातु की पत्ती लगाकर रुपये चुराने वाला अंतरजनपदीय शातिर गिरफ्तार, 27 हजार नकदी बरामद

top-news

फफूंद में ग्राहकों के रुपये फंसाकर करता था चोरी, इटावा और उन्नाव में भी वारदात करने की बात कबूली

रोहित अवस्थी

औरैया। एटीएम मशीन में छेड़छाड़ कर ग्राहकों के रुपये चोरी करने वाले एक अंतरजनपदीय शातिर आरोपी को फफूंद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 27 हजार रुपये नकद, सात एटीएम कार्ड और चोरी करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब एक वर्ष से इस तरीके से एटीएम से रुपये चोरी कर रहा था। उसने इटावा और उन्नाव समेत आसपास के जिलों में भी इस तरह की वारदात करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के मुताबिक, फफूंद निवासी सिराजुद्दीन इंडिया वन एटीएम का संचालन करते हैं। उन्होंने 21 सितंबर 2026 को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि एक युवक एटीएम से पहले 500 रुपये निकालने के बाद मशीन के कैश डिस्पेंस स्लॉट में धातु की पत्ती लगा गया। इसके कारण ग्राहकों के करीब पांच हजार रुपये मशीन में फंस गए, जिन्हें आरोपी ग्राहकों के जाने के बाद निकाल ले गया। इस दौरान मशीन की बेल्ट समेत अन्य हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा। शिकायत पर थाना फफूंद में मुकदमा दर्ज किया गया था।


मामले की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम ने आठ अक्टूबर को भाग्यनगर की ओर बढ़ुआ बंबा से करीब 100 मीटर आगे चेकिंग के दौरान आरोपी को सुबह 11:20 बजे गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान आकाश कुशवाहा (26) पुत्र बालकृष्ण कुशवाहा निवासी इंद्रानगर, बैरी सवाई, थाना शिवली, जनपद कानपुर देहात के रूप में हुई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मोटरसाइकिल से अलग-अलग स्थानों पर जाकर एटीएम की रेकी करता था। इसके बाद मशीन के कैश निकालने वाले स्लॉट में धातु की पत्ती लगा देता था, जिससे ग्राहकों के रुपये फंस जाते थे। ग्राहक के चले जाने पर वह पत्ती में फंसी नकदी निकालकर फरार हो जाता था।

पुलिस ने आरोपी के पास से नकदी और एटीएम कार्ड के अलावा कैश ट्रैपिंग में इस्तेमाल होने वाली धातु की पत्तियां, कैंची, पेचकस, रेंती, प्लास, हुकनुमा रॉड, फेवीक्विक समेत कई उपकरण बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी एसओजी/सर्विलांस समित चौधरी, थानाध्यक्ष फफूंद अजय कुमार, उपनिरीक्षक प्रेम कुमार और पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।


 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *