आज की ताजा खबर

समाज में बदनामी के डर से पिता ने बेटी को उतारा मौत के घाट, रिश्तेदार के साथ मिलकर जंगल में दफनाया शव

top-news

दलपपुर के जंगल में गड्ढे में दबी मिली थी युवती की लाश, बेला पुलिस ने पिता चंद्रप्रकाश और दीपक को किया गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त बाइक और फावड़ा बरामद

रोहित अवस्थी

औरैया। समाज में बदनामी होने की बात से नाराज पिता ने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर बेटी की हत्या कर दी और शव को जंगल में गड्ढा खोदकर दफना दिया। बेला थाना क्षेत्र के दलपपुर गांव के पास वन विभाग की जमीन पर गड्ढे में दबी मिली युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने मृतका के पिता चंद्रप्रकाश उर्फ भगवानदीन निवासी कपूरापुर, थाना कोतवाली, जनपद कन्नौज और दीपक उर्फ दीपांशु पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी दलपपुर, थाना बेला, जनपद औरैया को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक फावड़ा बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को ग्राम प्रधान ऊसराहा ने बेला पुलिस को सूचना दी थी कि दलपपुर मोड़ के पास वन विभाग की जमीन पर सड़क से करीब 50 मीटर अंदर बबूल के पेड़ों के बीच गड्ढे में एक महिला का शव दबा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को गड्ढे से निकलवाया। फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए चिचौली स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया। इसके बाद पुलिस शव की शिनाख्त करने के प्रयास में जुटी रही। इस दौरान तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।


सोशल मीडिया पर तस्वीर देखकर भाई ने की पहचान

सोशल मीडिया पर शव की तस्वीर सामने आने के बाद कन्नौज जिले के कपूरापुर निवासी रजत कुमार पुत्र चंद्रप्रकाश ने मृतका की पहचान अपनी बहन के रूप में की। रजत ने बेला थाने में तहरीर देकर बताया कि नौ सितंबर 2026 को उसके पिता चंद्रप्रकाश ने उससे कहा था कि वह उसकी बहन को लेकर दिल्ली जा रहे हैं। इस पर वह अपनी मोटरसाइकिल से पिता और बहन को बेला छोड़ने आया था। तिर्वा रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास दलपपुर निवासी उसकी बुआ का बेटा दीपक मिल गया। इसके बाद पिता ने रात होने की बात कहकर रजत को वापस घर भेज दिया और खुद दीपक के साथ बेटी को लेकर जाने की बात कही।

रजत के मुताबिक, सोशल मीडिया पर शव की तस्वीर देखकर उसे अपनी बहन होने का संदेह हुआ। पिता से फोन पर पूछताछ करने पर उन्होंने दीपक के साथ मिलकर उसकी बहन की हत्या करने और शव को दलपपुर के जंगल में गड्ढा खोदकर छिपाने की बात बताई। पिता की धमकी के कारण वह भयभीत हो गया और तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दे सका। बाद में उसने पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर बेला थाने में मुकदमा संख्या 175/2026 के तहत हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई।


बेटी के बिना बताए घर से जाने से नाराज था पिता

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी चंद्रप्रकाश उर्फ भगवानदीन ने बताया कि वह दिल्ली में एक निजी कंपनी में काम करता है। उसकी बेटी बिना बताए घर से चली जाती थी, जिससे उसे समाज में बदनामी होने का डर रहता था। इसी बात से नाराज होकर उसने दीपक के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, दोनों ने नौ सितंबर को युवती की हत्या करने के बाद फावड़े से गड्ढा खोदा और शव को जंगल में दबा दिया।

बेला पुलिस ने मंगलवार 13 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर सुबह करीब 8:15 बजे कैथावा मोड़ से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और फावड़ा बरामद किया है। मामले में दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238(ए) के साथ धारा 61(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

1.चंद्रप्रकाश उर्फ भगवानदीन पुत्र स्वर्गीय सर्वेशचंद्र, निवासी कपूरापुर, थाना कोतवाली, जनपद कन्नौज, उम्र 48 वर्ष।

2. दीपक उर्फ दीपांशु पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी दलपपुर, थाना बेला, जनपद औरैया, उम्र 25 वर्ष।


गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक अमर बहादुर सिंह, मुख्य आरक्षी अमित कुमार, आरक्षी अंकुश कुमार, आरक्षी अनिल जुरैल, आरक्षी विशाल तंवर और महिला आरक्षी पिंकी, थाना बेला, जनपद औरैया।


 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *