आज की ताजा खबर

रामपुर वैश्य में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, कक्षा छह के 14 वर्षीय छात्र की मौत; परिवार में मचा कोहराम

top-news

रोहित अवस्थी 

अछल्दा, औरैया। थाना क्षेत्र के रामपुर वैश्य गांव में रविवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार कक्षा छह के छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। गांव के मोड़ पर हुए हादसे में छात्र ट्रैक्टर के अगले पहिये के नीचे आ गया। परिजन उसे इलाज के लिए इटावा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इकलौते बेटे की मौत की खबर से मां रीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


 रामपुर वैश्य निवासी उजियारे लाल का पुत्र सौरभ बाइक चला रहा था। उसके साथ चाचा अशोक कुमार का 14 वर्षीय पुत्र शरद भी बैठा था। रविवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों बाइक से अछल्दा की ओर जा रहे थे। गांव के मोड़ पर पहुंचते ही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सौरभ दूर जा गिरा, जबकि शरद ट्रैक्टर के अगले पहिये के नीचे आ गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग और परिजन दौड़कर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद शरद को पहिये के नीचे से निकाला गया। परिजन उसे निजी वाहन से इलाज के लिए इटावा ले जाने लगे, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

शरद अछल्दा कस्बे के मार्शल हेरोल्ड स्कूल में कक्षा छह का छात्र था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन डिंपल है। जिस बेटे को परिवार ने बड़े अरमानों से पाला था, उसकी अचानक मौत से घर में चीख-पुकार मच गई। मां रीना देवी बेटे को याद कर बार-बार बिलख उठीं। परिवार के लोगों को रोता-बिलखता देख गांव के लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

परिजन शव लेकर गांव लौटे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, मुन्नालाल, ब्रजकिशोर, रजनीश सिंह और विपिन पाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *