आज की ताजा खबर

फर्जी मार्कशीट और डिग्री बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार

top-news top-news

कानपुर। पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट कानपुर नगर के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार, 18 फरवरी 2026 को थाना किदवई नगर पुलिस ने एक संगठित फर्जीवाड़ा गिरोह का पर्दाफाश किया। यह गिरोह विभिन्न विश्वविद्यालयों और बोर्डों की फर्जी मार्कशीट, डिग्री और माइग्रेशन सर्टिफिकेट बनाकर लोगों से धन उगाही कर रहा था।
थाना किदवई नगर पुलिस की टीम क्षेत्र भ्रमण और यूपी बोर्ड परीक्षा ड्यूटी एवं शांति व्यवस्था के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गौशाला चौराहे के पास “शैल ग्रुप ऑफ एजुकेशन” नामक कार्यालय में फर्जी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्यालय में दबिश दी। तलाशी के दौरान चार अभियुक्तों को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ लिया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे बिना परीक्षा दिलाए हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, स्नातकोत्तर, विधि और फार्मेसी आदि पाठ्यक्रमों की फर्जी मार्कशीट और डिग्रियां बनाते थे। इसके अलावा उन्होंने विशेष रूप से छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय की फर्जी माइग्रेशन बुकलेट छपवाकर और डिप्टी रजिस्ट्रार (Exam) की नकली मोहर बनाकर लगभग 80 फर्जी माइग्रेशन सर्टिफिकेट जारी करने की बात भी स्वीकार की।
मौके से विभिन्न विश्वविद्यालयों और माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश से संबंधित सैकड़ों की संख्या में फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए। इनमें मार्कशीट, डिग्री, ग्रेड शीट, प्रोविजनल सर्टिफिकेट, माइग्रेशन बुकलेट, रसीद बुक और नकली मोहर शामिल हैं।
 प्रमुख विश्वविद्यालयों के दस्तावेजों में ग्लोकल विश्वविद्यालय, सहारनपुर; सिक्किम प्रोफेशनल विश्वविद्यालय, सिक्किम; प्रज्ञान इंटरनेशनल विश्वविद्यालय, झारखंड; स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ; हिमालयन विश्वविद्यालय, ईटानगर; हिमालय गढ़वाल विश्वविद्यालय, उत्तराखंड; श्री कृष्ण विश्वविद्यालय, छतरपुर (म.प्र.); मोनाड विश्वविद्यालय, हापुड़; और जामिया उर्दू, अलीगढ़ के दस्तावेज शामिल हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मुख्य आरोपी शैलेन्द्र कुमार, पुत्र ओम प्रकाश, उम्र 36 वर्ष, निवासी नन्हकू का पुरवा, थाना ऊंचाहार, जनपद रायबरेली शामिल है। वर्तमान में वह कविशा अपार्टमेंट, थर्ड फ्लोर, दरोगा पार्क के सामने, साकेत नगर, थाना किदवई नगर, कानपुर में रह रहा था। अन्य तीन अभियुक्तों के नाम पुलिस ने मीडिया को अभी तक जारी नहीं किए हैं।
थाना किदवई नगर में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी फर्जी एजुकेशन सेंटर के संपर्क में न आएं।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *