आज की ताजा खबर

पप्पू गुप्ता हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी गिरफ्तार

top-news

बिलसंडा (पीलीभीत)। कस्बे के चर्चित कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। व्यापारी संगठनों द्वारा घटना के खुलासे के लिए दिए गए 24 घंटे के अल्टीमेटम के बीच शनिवार सुबह बिलसंडा थाना पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया, जबकि उसकी फायरिंग में एक सिपाही भी जख्मी हो गया।
थाना प्रभारी सिद्धांत शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान बंडा रोड स्थित इंटगांव नहर पुलिया के पास एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की गोली मुख्य आरक्षी सुनील कुमार के दाहिने हाथ को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी लकी मौर्य (21) निवासी तिलहर जेई मोहल्ला, शाहजहांपुर के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की गई है।
गौरतलब है कि 28 मई को बिलसंडा के बमरौली तिराहे पर स्थित पंकज कटियार की साइकिल दुकान पर कुछ लोगों ने हमला कर मारपीट की थी। विवाद के दौरान पास की दुकान चलाने वाले कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता बीच-बचाव करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने भाग रहे एक आरोपी को पकड़ लिया, जिस पर हमलावरों ने तमंचे से फायर कर दिया। गंभीर रूप से घायल पप्पू गुप्ता की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

पांच टीमों ने की कार्रवाई
घटना के बाद पंकज कटियार की तहरीर पर बिलसंडा थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमों का गठन किया गया था। पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। उधर, व्यापारी संगठनों और परिजनों ने घटना के विरोध में प्रदर्शन करते हुए जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी।

केंद्रीय मंत्री ने परिजनों से की मुलाकात
हत्याकांड के बाद केंद्रीय मंत्री एवं सांसद जितिन प्रसाद शनिवार को बिलसंडा पहुंचे। उन्होंने मृतक पप्पू गुप्ता के घर जाकर परिजनों को सांत्वना दी और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता तथा नगर पंचायत अध्यक्ष डीके गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

एसपी ने बताया हत्या की वजह
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि बमरौली तिराहे पर पंकज कटियार का अपने ससुरालीजनों से विवाद चल रहा था। कटियार को धमकाने के उद्देश्य से तीन लोगों को भेजा गया था। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे पप्पू गुप्ता को गोली मार दी गई, जिनकी बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में कटियार के ससुर और सालों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। एक अन्य शातिर आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *