आज की ताजा खबर

महंगाई और बिजली संकट के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, रस्सी से कार खींचकर जताया विरोध

top-news

पीलीभीत। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और प्रदेश में गहराते बिजली संकट को लेकर समाजवादी पार्टी ने शनिवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कार को रस्सी से खींचकर सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया और प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
सपा के प्रदेशव्यापी आह्वान पर पार्टी के जिला कार्यालय, केजीएम कॉलोनी से प्रदर्शन की शुरुआत हुई। जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में झंडे और बैनर लेकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को बुलंद किया।
प्रदर्शन का मुख्य आकर्षण रस्सी से कार खींचने का प्रतीकात्मक प्रदर्शन रहा। सपा नेताओं का कहना था कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। ऐसे हालात में वाहन चलाना आम लोगों के लिए लगातार महंगा होता जा रहा है, इसलिए कार को रस्सी से खींचकर जनता की परेशानी को दर्शाने का प्रयास किया गया।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने कहा कि प्रदेश और देश की जनता महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली व्यवस्था चरमरा गई है, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोग परेशान हैं। किसानों को भी उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है।
सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई, बेरोजगारी और बिजली संकट जैसी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन के समापन पर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *