आज की ताजा खबर

रायपुर में शराब ठेका खोलने के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन

top-news

भीतरगांव। साढ़ थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में प्रस्तावित देसी शराब ठेका खोले जाने के विरोध में सोमवार को ग्रामीण महिलाओं ने उप जिलाधिकारी घाटमपुर को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। महिलाओं ने कहा कि गांव में शराब का ठेका खुलने से सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा और युवाओं का भविष्य भी खतरे में पड़ सकता है।

महिलाओं ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि जिस स्थान पर शराब का ठेका प्रस्तावित है, उसके आसपास इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेज स्थित हैं। ऐसे में ठेका खुलने से वहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों के निकट शराब की बिक्री से शिक्षा का माहौल भी प्रभावित हो सकता है।

ग्रामीण महिलाओं ने यह भी कहा कि शराब सेवन का दुष्प्रभाव परिवारों पर पड़ता है और इसका सबसे अधिक खामियाजा महिलाओं को भुगतना पड़ता है। कई मामलों में घरेलू विवाद के साथ मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना जैसी समस्याएं भी सामने आती हैं। उन्होंने प्रशासन से जनहित में प्रस्तावित ठेका निरस्त करने की मांग की।

महिलाओं ने अधिकारियों को अवगत कराया कि रायपुर गांव के आसपास भदेवना, लालपुर और पड़री गांवों में पहले से ही शराब के ठेके संचालित हैं, जिनकी दूरी लगभग एक किलोमीटर के दायरे में है। ऐसे में एक और नया ठेका खोले जाने का औचित्य नहीं है।

उप जिलाधिकारी अविचल प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद महिलाएं संतुष्ट होकर लौट गईं। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं तथा क्षेत्र के कई समाजसेवी भी मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *