आज की ताजा खबर

बाढ़ से पहले महराजगंज प्रशासन अलर्ट, डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने तटबंधों का किया निरीक्षण

top-news

महराजगंज। मानसून सत्र से पहले संभावित बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए महराजगंज प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के साथ महाव नाला एवं चंदन नदी के तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महाव नाला पर चल रहे सिल्ट सफाई कार्य, कटाव निरोधक उपायों तथा स्पॉयल बैंक सुदृढ़ीकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं।

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने वन विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले सभी बाढ़ सुरक्षा कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, जिससे बरसात के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

इसके बाद उन्होंने निचलौल क्षेत्र में चंदन नदी के दोनों तटबंधों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तटबंधों पर चल रहे सुदृढ़ीकरण कार्यों का मूल्यांकन करते हुए रेन कट और रैट होल की मरम्मत जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने बाढ़ प्रभावित गांवों के लिए राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की भी समीक्षा की और कहा कि संभावित आपदा से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत सामग्री, बचाव उपकरण और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों से स्पष्ट है कि बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।  

पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे 

बाढ़ से पहले प्रशासन अलर्ट, डीएम ने परखी तैयारियां,समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *