आज की ताजा खबर

जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज पहुंचे अटल बिहारी चिकित्सा विश्वविद्यालय के कुलपति, चिकित्सा शिक्षा में उत्कृष्टता पर दिया जोर

top-news

कानपुर। गणेश शंकर विद्यार्थी (जीएसवीएम) मेडिकल कॉलेज, कानपुर में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण अवसर देखने को मिला, जब अटल बिहारी चिकित्सा विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश के कुलपति मेजर जनरल डॉ. अमित देवगन ने अपने कार्यभार ग्रहण करने के बाद किसी मेडिकल कॉलेज के प्रथम आधिकारिक दौरे के लिए जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज का चयन किया।

महाविद्यालय पहुंचने पर कुलपति का संस्थान की ओर से भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. संजय काला ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए कुलपति का अभिनंदन किया और उनके आगमन को संस्थान के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

कार्यक्रम में उप प्राचार्य डॉ. ऋचा गिरी, अटल बिहारी चिकित्सा विश्वविद्यालय के डीन एफिलिएशन एवं इंस्पेक्शन डॉ. संदीप कौशिक, पीएमएसएसवाई नोडल अधिकारी डॉ. मनीष सिंह, सीएमएस डॉ. विकास कटियार तथा प्रॉक्टर डॉ. यशवंत राव सहित कई वरिष्ठ संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में कुलपति मेजर जनरल डॉ. अमित देवगन ने चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता, अनुसंधान, नवाचार, अनुशासन और रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयास करने तथा चिकित्सा क्षेत्र में उच्च मानकों की स्थापना के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन नेत्र रोग विभाग की प्रोफेसर डॉ. शालिनी मोहन और माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. मधु यादव ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संकाय सदस्य, रेजिडेंट चिकित्सक, अधिकारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के बाद कुलपति ने पीएमएसएसवाई परियोजना और अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया।

जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने कुलपति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए चिकित्सा शिक्षा, शोध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में संस्थान की निरंतर प्रगति के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *