आज की ताजा खबर

पड़ोसी ही निकला चोर! 24 घंटे में पुलिस ने खोला चोरी का राज, लाखों की नकदी और जेवर बरामद

top-news

औरैया। दिबियापुर थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और चांदी के जेवर चोरी करने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके साथ शामिल एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की नकदी और बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि नेहरू नगर निवासी प्रशांत पोरवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर का ताला तोड़कर पांच लाख रुपये नकद और करीब दो किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वैसुन्धरा तिराहे के पास से गोपाल पोरवाल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथ मौजूद एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस के अनुसार चोरी के बाद आरोपियों ने नकदी और आभूषणों को झाड़ियों में छिपा दिया था। दोनों आरोपी चोरी का माल आपस में बांटने के लिए निर्धारित स्थान पर पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.90 लाख रुपये नकद, 18 तोड़िया, 6 पायल और 2 कमरबंद समेत करीब 1.3 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

मामले का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी पीड़ित परिवार का पड़ोसी निकला। पड़ोस में रहने के कारण उसे घर और परिवार की गतिविधियों की पूरी जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर उसने अपने साथी के साथ चोरी की योजना बनाई।

फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे 

"पड़ोसी ही निकला चोर! 24 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा, लाखों की नकदी-जेवर बरामद"

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *