आज की ताजा खबर

मेहनतकश हाथों का स्वनिधि महोत्सव में सम्मान, छोटे कारोबारियों को मिली तरक्की की नई पहचान समय पर ऋण चुकाने वालों को मिलेगा 30 हजार का क्रेडिट कार्ड, स्वनिधि महोत्सव में बड़ी सौगात

top-news

कुशीनगर। जनपद के नगर पंचायत फाजिलनगर में शनिवार को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘स्वनिधि महोत्सव’ उत्साह, सम्मान और आत्मनिर्भरता के संदेश के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पथ विक्रेताओं, रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों और छोटे व्यापारियों का सम्मान किया गया। महोत्सव का शुभारंभ फाजिलनगर के विधायक सुरेंद्र कुमार कुशवाहा ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुरेंद्र कुमार कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना केवल एक ऋण योजना नहीं, बल्कि लाखों छोटे व्यापारियों के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम है। कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में जब रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया था, तब केंद्र सरकार ने इस योजना के माध्यम से उन्हें आर्थिक संबल प्रदान कर आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया।

उन्होंने कहा कि आज देश के करोड़ों छोटे व्यापारी इस योजना का लाभ लेकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा रहे हैं।योजना के तहत बिना किसी गारंटी के प्रथम चरण में 15 हजार, द्वितीय चरण में 25 हजार और तृतीय चरण में 50 हजार तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इतना ही नहीं, समय पर ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को अब 30 हजार का क्रेडिट कार्ड भी दिया जा रहा है, जिससे उनके व्यवसाय को और मजबूती मिल सके।

महोत्सव के दौरान विधायक ने विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव सुने। 


कार्यक्रम का संचालन करते हुए शहर मिशन प्रबंधक राजदीप ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि योजना के छह वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य पथ विक्रेताओं को सम्मानित करना, उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि योजना के लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है, ताकि उनका समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता शाही, अधिशासी अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, डूडा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, सभासदगण तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

छोटे व्यापारियों के चेहरे पर दिखी खुशहाली की मुस्कान

स्वनिधि महोत्सव में शामिल पथ विक्रेताओं ने योजना को अपने जीवन में बदलाव का माध्यम बताया। कई लाभार्थियों ने कहा कि इस योजना से प्राप्त ऋण ने उनके व्यवसाय को नई पहचान दी और आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाया। कार्यक्रम में सम्मानित किए गए लाभार्थियों के चेहरे पर आत्मविश्वास और संतोष की झलक साफ दिखाई दी। फाजिलनगर में आयोजित स्वनिधि महोत्सव  कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब सरकार की योजनाएं अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचती हैं, तो आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होने लगता है। पथ विक्रेताओं के सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित यह महोत्सव लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में बना रहेगा।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *