आज की ताजा खबर

शंकराचार्य के पोस्टर हटाने पर विवाद गहराया,समर्थकों ने प्रशासन पर लगाए सनातन धर्म की आवाज दबाने के आरोप

top-news

पीलीभीत। एक जुलाई को प्रस्तावित जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के दौरे को लेकर पीलीभीत में विवाद गहरा गया है। शहर में लगाए गए स्वागत बैनर और पोस्टर हटाए जाने से नाराज समर्थकों ने रविवार को प्रेस वार्ता कर प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाया है। समर्थकों का कहना है कि सनातन धर्म और गौ रक्षा की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे से पहले जिला प्रशासन ने शहर में लगे शंकराचार्य के बैनर और पोस्टर हटाने शुरू कर दिए। इसे लेकर समर्थकों में नाराजगी फैल गई। विरोध जताते हुए समर्थकों ने नगर पालिका प्रशासन और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम आयोजन समिति के सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ‘टीटी’ ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि प्रशासन एक धार्मिक और गौ रक्षा से जुड़े कार्यक्रम को रोकने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में लगाए गए शंकराचार्य के पोस्टर और बैनर हटाकर भक्तों की आस्था को ठेस पहुंचाई गई है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन अनुमति का हवाला दे रहा है, जबकि कार्यक्रम की अनुमति के लिए पहले ही पत्राचार किया जा चुका है। उनका कहना है कि जगद्गुरु शंकराचार्य का कार्यक्रम तय समय पर आयोजित होगा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं संत इसमें शामिल होंगे।
वहीं प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर में सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *