कुशीनगर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 को जनपद में पूर्णतः नकलविहीन, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेक्षक राधेश्याम मिश्रा सेवानिवृत आईएस की अध्यक्षता तथा डीएम महेंद्र सिंह तंवर एवं एसपी केशव कुमार की उपस्थिति में ब्रीफिंग/प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जनपद के 06 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। प्रेक्षक राधेश्याम मिश्रा ने शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए स्टैटिक मजिस्ट्रेटों एवं कार्यदायी संस्थाओं से परीक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी निर्धारित प्रपत्रों को समय से पूर्ण करें तथा सायंकाल परीक्षा केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर अनुशासन के साथ-साथ परीक्षार्थियों के लिए सहज एवं सकारात्मक वातावरण बनाए रखा जाए तथा शासन द्वारा अनुमन्य सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने जनपद स्तर पर बनाये गए कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण कर सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि सभी अधिकारी पूर्व में भी विभिन्न परीक्षाओं का सफल संचालन कर चुके हैं, किन्तु किसी भी स्तर की छोटी-सी लापरवाही गंभीर समस्या उत्पन्न कर सकती है। उन्होंने प्रश्नपत्र बॉक्स के सुरक्षित एवं समयबद्ध खोलने, वितरण एवं संकलन की प्रक्रिया, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा ड्यूटी आवंटन में पूर्ण सावधानी बरतने के निर्देश के साथ विशेष रूप से परीक्षा के दौरान वॉशरूम जाने वाले अभ्यर्थियों की निगरानी सुनिश्चित करते हुए देखा जाए कि कोई भी परीक्षार्थी प्रश्नपत्र अथवा अन्य सामग्री साथ लेकर बाहर न जाए। इसके लिए प्रत्येक वॉशरूम के बाहर एक महिला एवं एक पुरुष पुलिसकर्मी की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने अभ्यर्थियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था के साथ सभी परीक्षा केन्द्रों पर एम्बुलेंस एवं चिकित्सकीय टीम की उपलब्धता भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि जनपद में लगभग 12 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
एसपी ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि पेपर लीक अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना को पूरी तरह समाप्त करने के लिए सभी स्तरों पर सतर्क निगरानी रखी जाए। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों,एवं अन्य तकनीकी माध्यमों से नकल की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही कक्ष निरीक्षकों की तैनाती, उनकी जांच तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल दिया।उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा, क्योंकि नकल के तरीके लगातार बदल रहे हैं। सभी अधिकारी अलर्ट मोड में रहकर परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराएं। बैठक के अंत में एडीएम व नोडल अधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को शासन की गाइडलाइंस के अनुरूप परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये तथा सभी व्यवस्थाओं की बारीकियों से अवगत कराया।