आज की ताजा खबर

महराजगंज में आम के पेड़ पर चढ़ी नेपाली युवती, पुलिस और नगर पंचायत के रेस्क्यू से बची जान

top-news

गले में कपड़े का फंदा डालने से मची अफरा-तफरी, कुछ देर प्रभावित रहा यातायात

स्काई लिफ्टर की मदद से सुरक्षित उतारा गया, पुलिस पहचान और घटना के कारणों की कर रही जांच

महराजगंज |  महराजगंज जिले के चौक थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक नेपाली युवती आम के पेड़ पर चढ़कर गले में कपड़े का फंदा डाल लेने से हड़कंप मच गया। घटना के चलते कुछ समय के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई और यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने नगर पंचायत की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। 

जानकारी के अनुसार, युवती सड़क किनारे स्थित आम के पेड़ पर चढ़ गई थी और गले में कपड़े का फंदा डाल लिया था। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना चौक थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी मनीष पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुई।


स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर पंचायत से स्काई लिफ्टर मंगाया गया। पुलिस और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे चौक थाने लाकर पूछताछ की गई।

प्रारंभिक जांच में युवती के नेपाल निवासी होने और नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। पुलिस उसकी पहचान, परिजनों से संपर्क और घटना के कारणों की जांच कर रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *