आज की ताजा खबर

श्रावस्ती में शिक्षा व्यवस्था पर डीएम सख्त, नए नामांकन और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर दिया जोर

top-news

श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, नए नामांकन अभियान और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारियों से परिषदीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों और पीएमश्री विद्यालयों में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि टास्क फोर्स के सभी अधिकारी हर माह निर्धारित लक्ष्य के अनुसार विद्यालयों का निरीक्षण करें और योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ-साथ विद्यालयों में संचालित कार्यों की भी गहन जांच करें।बैठक में डीएम ने सभी विद्यालयों में बाउंड्रीवाल, पेयजल, शौचालय, दिव्यांग शौचालय, स्मार्ट क्लास और इंटरनेट कनेक्टिविटी जैसी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।


जिलाधिकारी ने स्कूल चलो अभियान के तहत नए नामांकन पर विशेष बल देते हुए विद्यालय से बाहर बच्चों का सर्वे कर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने शिक्षण गुणवत्ता को भी बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही निर्देश दिया कि विद्यालयों में प्रतिदिन प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को समाचार पत्र पढ़कर सुनाए जाएं, जिससे वे देश-दुनिया की घटनाओं से अवगत हो सकें। बच्चों की उपस्थिति पोर्टल पर नियमित दर्ज करने और प्रत्येक माह शिक्षक-अभिभावक बैठक आयोजित कर अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति के लिए प्रेरित करने के भी निर्देश दिए।बैठक का संचालन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आकांक्षा रावत ने किया।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, डीसी एनआरएलएम संदीप कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी निलेश प्रताप सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सभी खंडशिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *