आज की ताजा खबर

नरायनपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय बना मिसाल, स्मार्ट क्लास और खेल प्रतिभाओं से बदल रही तस्वीर कॉन्वेंट स्कूलों को टक्कर दे रहा परिषदीय विद्यालय, 14 बच्चों का प्रदेश स्तरीय खेल संस्थानों में चयन

top-news

भदैया(सुलतानपुर)। "कर्म भूमि पर फल के लिए श्रम सबको करना पड़ता है, रब सिर्फ लकीरें देता है रंग हमको भरना पड़ता है।"

यह पंक्तियां भदैया विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय नरायनपुर पर पूरी तरह सटीक बैठती हैं। शिक्षकों की मेहनत, लगन और नवाचार से यह परिषदीय विद्यालय आज क्षेत्र के अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।

विद्यालय के शिक्षकों ने अपने प्रयासों से न केवल विद्यालय की तस्वीर बदली, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार किया है। इंचार्ज प्रधानाध्यापक दिनेश सिंह, सहायक अध्यापक मुनेन्द्र मिश्र, इंद्रभान यादव, दिनेश उपाध्याय, बीना, अनुदेशिका गीता, अनुपमा यादव और हरिकेश्वर सिंह के सामूहिक प्रयास से विद्यालय नई ऊंचाइयों को छू रहा है। वर्तमान में विद्यालय में 192 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। विद्यालय में स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर कक्ष, लाइब्रेरी, आईसीटी लैब जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। कायाकल्प के बाद विद्यालय का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। रंग-रोगन, आकर्षक चित्रकारी, सुंदर कक्ष सज्जा, गार्डन और साफ-सफाई ने इसे खास बना दिया है। विद्यालय की दीवारों पर हिंदी और अंग्रेजी के शब्दों, शरीर के अंगों सहित कई शैक्षिक चित्र बनाए गए हैं, जिससे बच्चे खेल-खेल में सीख रहे हैं। सरकार की ओर से आईसीटी लैब के तहत 11 कंप्यूटर और तीन स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराए गए हैं। विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और निपुण विद्यालय बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रधानाध्यापक और शिक्षकों ने अपने प्रयासों से विद्यालय की चारदीवारी दुरुस्त कराई, मुख्य गेट लगवाया, कक्षाओं में विद्युत व्यवस्था, इनवर्टर और बच्चों के बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। ग्रामीणों का कहना है कि यह सरकारी विद्यालय किसी कॉन्वेंट स्कूल से कम नहीं है।

 

खेल के क्षेत्र में भी बनाई अलग पहचान 

उच्च प्राथमिक विद्यालय नरायनपुर ने शिक्षा के साथ खेल क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। सहायक अध्यापक मुनेन्द्र मिश्र के प्रयासों से विद्यालय के कई बच्चों ने प्रदेश स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। अब तक विद्यालय के 14 बच्चों का चयन प्रदेश के स्पोर्ट्स कॉलेज और हॉस्टल में हो चुका है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में विद्यालय के बच्चों ने कई बार स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। छात्रा अंशिका पांडेय का चयन नवोदय विद्यालय कक्षा-9 के लिए हुआ। टेबल टेनिस में अन्नू पांडेय, नेहा, ज्योति, सानिया, नाजिया और गुड़िया का चयन स्पोर्ट्स हॉस्टल अयोध्या के लिए हुआ। हॉकी में अभिषेक यादव का चयन स्पोर्ट्स हॉस्टल रामपुर, जबकि स्वाती का चयन स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर के लिए हुआ। कुश्ती में तनु का चयन अयोध्या तथा अंकिता पांडेय का चयन बैडमिंटन के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर में हुआ। नरायनपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय आज यह साबित कर रहा है कि इच्छाशक्ति और मेहनत के बल पर सरकारी विद्यालय भी आधुनिक शिक्षा और खेल के क्षेत्र में नई पहचान बना सकते हैं।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *