आज की ताजा खबर

सीएआरआई में जनजातीय महिलाओं को मिला आत्मनिर्भरता का प्रशिक्षण, बैकयार्ड कुक्कुट पालन से बढ़ेगी आय

top-news


तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ, उत्तराखंड की 38 महिला कृषकों ने लिया हिस्सा

वैज्ञानिकों ने कुक्कुट पालन, संतुलित आहार और वैज्ञानिक तकनीकों की दी जानकारी

बरेली | भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (भा.कृ.अनु.प.) के केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (सीएआरआई), इज्जतनगर में अनुसूचित जनजाति विकास कार्यक्रम के अंतर्गत तीन दिवसीय बैकयार्ड कुक्कुट पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण 15 से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के निदेशक डॉ. जगबीर सिंह त्यागी ने किया। प्रशिक्षण में उत्तराखंड के खटीमा ब्लॉक स्थित ग्राम नदन्ना की अनुसूचित जनजाति वर्ग की 38 महिला कृषकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की परियोजना अन्वेषक डॉ. दिव्या ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से बैकयार्ड कुक्कुट पालन अपनाकर महिलाएं कम लागत में बेहतर आय अर्जित करने के साथ परिवार के पोषण स्तर में भी सुधार कर सकती हैं।


अपने संबोधन में निदेशक डॉ. जगबीर सिंह त्यागी ने कहा कि छोटे स्तर पर वैज्ञानिक ढंग से किया गया कुक्कुट पालन ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों से संस्थान की तकनीकों का लाभ उठाकर स्वरोजगार और आय बढ़ाने की अपील की।

प्रशिक्षण के दौरान डॉ. चन्द्र देव ने घरेलू एवं स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर संतुलित कुक्कुट आहार तैयार करने की व्यावहारिक जानकारी दी। कार्यक्रम में डॉ. मतीन अहमद अंसारी, उमेश त्रिपाठी, नारायण, अंकुर, राजपाल, प्रदीप सहित संस्थान के वैज्ञानिक, कर्मचारी और प्रतिभागी मौजूद रहे। अंत में डॉ. दिव्या ने सभी का आभार व्यक्त किया।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *