आज की ताजा खबर

पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में खूनी खेल: प्रपोजल ठुकराने पर छात्रा की चाकू मारकर हत्या

top-news

पीलीभीत। राजकीय मेडिकल कॉलेज में मंगलवार सुबह एकतरफा प्यार के पागलपन में एक रूह कंपा देने वाली वारदात को अंजाम दिया गया । कॉलेज के ही एक्स-रे टेक्नीशियन छात्र सागर सिंह ने प्रपोजल ठुकराए जाने से नाराज होकर अपनी क्लासमेट 21 वर्षीय कशिश पटेल निवासी बरेली पर सीटी स्कैन रूम में 12 इंच लंबे चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। हमले में बीच-बचाव करने आई महिला कर्मचारी निधि भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। गंभीर हालत में कशिश को बरेली रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद मुस्तैद अस्पताल स्टाफ ने आरोपी को मौके पर ही दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, डीएम-एसपी से गुहार
बुधवार को मृतका के चाचा विकास पटेल ने परिजनों के साथ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा से मुलाकात की। परिजनों ने रोष व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि आरोपी कशिश को लंबे समय से परेशान कर रहा था और 15 दिन पहले ही कॉलेज प्रशासन से इसकी लिखित शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों ने इस पूरे मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर आरोपी को जल्द से जल्द फांसी की सजा दिलाने की मांग की है।
त्वरित कानूनी कार्रवाई
शहर कोतवाल प्रमोद कुमार ने बताया मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी सागर सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। 
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। वही मृतिका के परिजनों ने आरोपी को कठोर सजा दिलाने और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर शीघ्र न्याय की मांग की है।
आरोपी का खौफनाक कबूलनामा
"वह मुझे इग्नोर करती थी, यह बर्दाश्त के बाहर था"
पुलिस हिरासत में आरोपी सागर सिंह (निवासी मेडुआ अरौल, कानपुर) ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह कशिश से एकतरफा प्यार करता था और लगातार रिजेक्शन से बेहद गुस्से में था। उसने 4 दिन पहले ही बाजार से 12 इंच का चाकू खरीदा था और उसे बैग में रखकर सही मौके की तलाश में घूम रहा था। मंगलवार को जैसे ही कशिश सीटी स्कैन रूम में अकेली दिखी, उसने चाकू निकालकर उसके सीने और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
 कॉलेज परिसर में दहशत और आक्रोश
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उठ रही मांग
इस खौफनाक हत्याकांड के बाद से पूरे अस्पताल और मेडिकल कॉलेज स्टाफ में भारी दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है। दिनदहाड़े परिसर के भीतर हुई इस वारदात से आक्रोशित छात्र-छात्राएं कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, बहादुर महिला कर्मचारी निधि, जिन्होंने बीच-बचाव कर छात्रा को बचाने का प्रयास किया था, उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *